बसखारी। चार दिनों से लापता दुष्कर्म पीड़िता दलित किशोरी का शव सोमवार को जमऊपुर गांव में खेत के पास स्थित कुएं में सड़ी-गली अवस्था में मिला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। किशोरी की पहचान होते ही इलाके में सनसनी फैल गई। किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी 19 नवंबर से लापता थी। परिजन उसकी खोजबीन में लगे थे। सोमवार को जमऊपुर गांव के पास कुछ लोग बकरियां चरा रहे थे। खेत के पास तेज दुर्गंध आने पर चरवाहों को शंका हुई। उन्होंने बच्चों को कुएं के पास भेजकर देखने को कहा। अंदर झांकते ही बच्चों को किशोरी का शव दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस और ग्रामीणों को दी गई।
कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। शिनाख्त होने पर परिजनों को सूचना दी गई। शव की हालत काफी खराब थी। घटना के बाद परिवार में मातम फैल गया। परिजनों ने फिलहाल किसी पर आरोप नहीं लगाया है।
एक साल पहले दुष्कर्म के मामले में जेल गया था युवक
किशोरी की मौत के मामले में एक साल पुराना घटनाक्रम भी चर्चा में है। पुलिस के मुताबिक, दिसंबर 2025 में गांव का ही शिवा किशोरी को अगवा कर अपने साथ ले गया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेजा था। करीब छह महीने पहले आरोपी जमानत पर बाहर आया था। अब चार दिन से लापता किशोरी का शव कुएं में मिलने के बाद पुराने मामले को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, किशोरी की मौत का पुराने प्रकरण से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
किशोरी का शव कुएं से बरामद किया गया है। परिजन चार दिन पहले उसके लापता होने की बात बता रहे हैं। पूर्व में इस संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। – अरुण कुमार नौहवार, सीओ सिटी
