यूपी के अंबेडकरनगर में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के बाद रविवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। मारपीट में घायल बच्चाराम चौहान की शनिवार रात इलाज के दौरान पीजीआई, लखनऊ में मौत हो गई। इसकी सूचना जैसे ही घर पहुंची रोना बिलखना शुरू हो गया। सुबह परिजन व ग्रामीणों ने गांव की मुख्य सड़क पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। घटना अकबरपुर थाना क्षेत्र के विजयगांव की है।
बताते चलें कि 21 नवंबर की सुबह लगभग 8 बजे गांव के ही पट्टीदारों के बीच खेत में काम को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे, धारदार हथियार से हमला किया। यही नहीं घर में घुसकर पिटाई करने के गंभीर आरोप लगाए। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए।
22 नवंबर को पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसी दौरान एक पक्ष के घायल बच्चाराम की हालत बिगड़ गई। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल से पीजीआई, लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। 22 नवंबर की देर रात वहां उनकी मौत हो गई।
न्याय की मांग करते हुए शुरू कर दी नारेबाजी
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सुबह परिजन व बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर शव रखकर न्याय की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन, भीड़ मानने को तैयार नहीं है।
