अमेठी। शहर स्थित सेना भर्ती कार्यालय की ओर से डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम परिसर में 19 दिसंबर से शुरू होने वाली अग्निवीर भर्ती को लेकर स्टेडियम परिसर में पंडाल लगने शुरू हो गए हैं। साथ ही सेना और पुलिस एवं प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
शहर स्थित सेना भर्ती कार्यालय के संयोजन में स्टेडियम परिसर में 19 से 29 दिसंबर तक अग्नि वीर भर्ती चलेगी। जिसमें अग्निवीर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क स्टोर कीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन के लिए 13 जिलों के करीब दस हजार से अधिक अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे। सेना भर्ती कार्यालय के कर्नल सुनील मोरे के नेतृत्व में चयन प्रक्रिया कराए जाने की तैयारी की जा रही है।
स्टेडियम परिसर के अंदर सेना की ओर से पंडाल लगाए जा रहे हैं। अभ्यार्थियों के साथ ही सेना के अफसरों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। साथ ही अन्य व्यवस्थाएं भी दुरुस्त की जा रही हैं।
भर्ती कार्यक्रम
-19 दिसंबर को सभी जिलों के अग्निवीर क्लर्क व स्टोर कीपर क्लर्क पद के अभ्यर्थी
-20 दिसंबर को सभी जिलों के 10वीं और आठवीं पास अग्निवीर ट्रेड्समैन पद के अभ्यर्थी
-21 दिसंबर को सभी जिलों के अग्निवीर टेक्निकल पद के अभ्यर्थी
-22 दिसंबर को अंबेडकरनगर, बस्ती व कौशांबी के अग्निवीर जनरल ड्यूटी अभ्यर्थी
-23 दिसंबर को रायबरेली व कुशीनगर के अग्निवीर जनरल ड्यूटी अभ्यर्थी
-24 दिसंबर को प्रतापगढ़ व सिद्धार्थनगर के अग्निवीर जनरल ड्यूटी अभ्यर्थी
-25 दिसंबर को संतकबीरनगर व सुल्तानपुर के अग्निवीर जनरल ड्यूटी अभ्यर्थी
-26 दिसंबर को प्रयागराज व महाराजगंज के अग्निवीर जनरल ड्यूटी अभ्यर्थी
-27 दिसंबर को अमेठी व अयोध्या के अग्निवीर जनरल ड्यूटी अभ्यर्थी
-28 से 29 दिसंबर तक मेडिकल व अभिलेख सत्यापन
पारदर्शिता के साथ होगी भर्ती प्रक्रिया
सेना भर्ती कार्यालय के कर्नल सुनील कुमार मोरे ने कहा कि पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रिया होगी। स्टेडियम परिसर में पंडाल तैयार किया जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी प्रवेश पत्र में उल्लेखित दस्तावेज अभी से तैयार कर लें और उसे साथ लाएं।
