Magistrate will be appointed in Agniveer recruitment rally

जिला​धिकारी बैठक करते हुए

अमेठी। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम, अमेठी में 19 दिसंबर से अग्निवीर सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। यहां पर व्यवस्था पर नजर रखने के लिए अलग से मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ ही सुरक्षा का खास प्रबंध किया जाएगा। इसको लेकर प्रशासन और सेना ने रणनीति तैयार की है।

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र व पुलिस अधीक्षक डॉ इलामारन जी ने सेना के अधिकारियों व अन्य जनपदीय अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने एडीएम को सेना भर्ती रैली को लेकर अधिकारियों व मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।

साथ ही जिन अधिकारियों की ड्यूटी रैली आयोजन में लगाई जाए, वह अधिकारी रैली से पूर्व आयोजन स्थल का निरीक्षण कर लें एवं रैली के दौरान वहां अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर अपनी देखरेख में कार्य कराएं।

डीएम ने सेना भर्ती रैली में प्रतिभाग कर रहे अभ्यर्थियों के अभिलेखों की जांच के लिए बीएसए व डीआईओएस को अध्यापकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। जिला क्रीड़ा अधिकारी को अभिलेख की जांच के लिए एक कक्ष की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को रैली स्थल पर एम्बुलेंस, मेडिकल टीम, आवश्यक दवाओं एवं अन्य उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।

बैठक में कर्नल एसके मोर के अतिरिक्त मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत यादव, अधिशासी अभियंता लोनिवि शैलेंद्र कुमार, बीएसए संजय तिवारी, डीआईओएस रीता सिंह सहित समस्त उपजिलाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी होंगे प्रबंध

– सेना भर्ती रैली के दौरान अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए रोडवेज के एआरएम को जिम्मेदारी दी गई है।

– सेना भर्ती रैली के दौरान प्रतिदिन स्टेडियम की साफ सफाई होगी। इसके लिए डीपीआरओ को निर्देश दिए गए हैं।

– ठंड को देखते हुए अलाव भी जलवाए जाएंगे।

– रेलवे स्टेशन एवं बस स्टेशन से रैली स्थल तक अभ्यर्थियों के जाने के लिए संकेताक बोर्ड लगाए जाएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *