अमेठी सिटी। अनियमित भुगतान की शिकायत पहली दृष्टया जांच में सही मिलने पर डीएम ने जामो विकास क्षेत्र की वर्रा ग्राम पंचायत में ग्राम पंचायत प्रधान का वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिया है। खाते के संचालन के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। परियोजना निदेशक को जांच करने का निर्देश देते हुए साक्ष्य सहित रिपोर्ट देने को कहा है। गौरीगंज तहसील के वर्रा गांव निवासी गांव राकेश कुमार पाण्डेय व कृष्ण कुमार पाण्डेय ने ग्राम पंचायत प्रधान मुख्तार अली पर अनियमित भुगतान की शिकायत की थी। जिला प्रशासन ने जांच सहायक श्रमायुक्त को जांच अधिकारी को नामित कर प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब देने को कहा था।
ग्राम प्रधान की ओर से प्रस्तुत जवाब का परीक्षण करने के बाद ने सहायक श्रमायुक्त ने अपनी रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में ग्राम पंचायत में हुए कई विकास कार्यों की आवश्यक पत्रावलियां प्रधान के पास मौजूद न होने तथा 1787436 रुपये का अनियमित तरीके से भुगतान करने की बात कही।
रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम राकेश कुमार मिश्र ने ग्राम प्रधान को प्रथम दृष्टि दोषी मानते हुए वित्तीय तथा प्रशासनिक अधिकारों को प्रतिबंधित कर दिया है। पंचायत के विकास कार्यों को संपादित करने के लिए पंचायत सदस्यों की तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। इनमें ग्राम पंचायत सदस्य ममता, कंचन तथा तारावती को नामित किया गया है।
अंतिम जांच के लिए पीडी डीआरडीए ऐश्वर्य यादव को नामित किया गया है। मामले की सुनवाई करते हुए अपनी जांच रिपोर्ट डीपीआरओ को सौंपेंगे। जांच रिपोर्ट के बाद नियमानुसार ग्राम प्रधान के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
