अमेठी। हाल ही में 51 नई बसों को विभिन्न डिपो को दिया गया है लेकिन, जिले को एक भी नई बस नहीं मिली है। ऐसे में यात्रियों को समस्या हो रही है।
बता दें कि वीवीआईपी क्षेत्र अमेठी में तत्कालीन पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के समय में सुल्तानपुर जनपद की तहसील मुख्यालय पर अमेठी डिपो की स्थापना हुई। शहर में बस स्टेशन के साथ ही वर्कशॉप का निर्माण हुआ। अयोध्या रीजन में अमेठी डिपो राजस्व और लोड फैक्टर आदि में अपना स्थान रखता है। डिपो में बसों का बेड़ा कम होने और पुरानी बसें होने से यात्रियों को परेशानियां उठानी पड़ती हैं।
रविवार को 51 बसें विभिन्न डिपो को मिली लेकिन, अमेठी डिपो को एक भी नहीं मिल सकी। अमेठी डिपो के बाबू सूर्यभान सिंह ने बताया कि डिपो में नई और पुरानी 40 बसें निगम की तो चार बसें अनुबंधित हैं।
डिपो के एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि अभी डिपो को कोई नई बस नहीं मिली है। बताया कि दिसंबर तक नई बसों का बेड़ा डिपो में शामिल होने की उम्मीद है।
