अमेठी। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि 75 वर्षों में अमेठी में जो विकास नहीं हुआ, वह सिर्फ पांच वर्षों में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के नेतृत्व में दिखाई पड़ रहा है। कहा कि अमेठी संसदीय क्षेत्र में गौरीगंज जिला मुख्यालय, मुसाफिरखाना, जायस, सलोन, डीह, छतोह में बस स्टेशन बनेगा। बस स्टेशन निर्माण को लेकर जल्द ही एक साथ शिलान्यास होगा। छह माह में काम शुरू हो जाएंगे।
कंबल वितरण कार्यक्रम में पहुंचे परिवहन मंत्री ने कहा कि जगदीशपुर स्थित बस स्टेशन को मॉडल बस स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। देश के किसी भी कोने में जाने के लिए यहां से बस चलेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से विभाग को 400 करोड़ रुपये का बजट इलेक्ट्रिक बसों के लिए मिला है।
कहा कि अमेठी को प्राथमिकता के आधार पर इसमें शामिल किया गया है। अमेठी डिपो को जल्द इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। यहां से अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी और लखनऊ के लिए इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी। साथ ही डबल डेकर एसी बसों का भी संचालन किया जाएगा। कहा कि अमेठी की जनता जो चाहेगी, एक कदम आगे कार्य किया जाएगा।
