Amethi to Ayodhya road will be smooth, there will be relief from jam

जगदीशपुर अयोध्या मार्ग का होता निर्माण



जगदीशपुर(अमेठी)। अमेठी से अयोध्या तक जाने का मार्ग जल्द ही सुगम होने वाला है। जगदीशपुर से अयोध्या तक चल रहे 60 किमी. फोरलेन निर्माण का काम लगभग पूरा हो चुका है। इसके चालू होने से अयोध्या धाम की यात्रा के लिए सुल्तानपुर जिले का चक्कर नहीं लगना पडे़गा।

फोर लेन की साज सज्जा व रोड सेफ्टी आदि का कार्य अंतिम दौर में है। इस मार्ग पर पड़ने वाले अयोध्या स्थित रेलवे क्राॅसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज निर्माण का भी काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। आगामी 22 जनवरी को अयोध्या के श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की तारीख तय हो चुकी है। उससे पहले रायबरेली-अयोध्या हाईवे निर्माण का काम भी पूरा होने की संभावना है। सड़क बनने से अयोध्या धाम तक की यात्रा सुगम हो जाएगी।

वर्तमान में अयोध्या को जोड़ने के लिए मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। 106 किमी. लंबे रायबरेली अयोध्या राष्ट्रीय राज मार्ग संख्या-330 ए का निर्माण भी कार्य दो चरणों में चल रहा है। रायबरेली से जगदीशपुर तक 46 किमी. टू लेन और जगदीशपुर से अयोध्या तक 60 किमी. फोर लेन सड़क के निर्माण का कार्य निर्माणाधीन है।

पहले चरण में जगदीशपुर से अयोध्या तक 60 किलोमीटर फोर लेन का निमार्ण कार्य 1600 करोड़ रुपए की लागत से 11 मार्च 2021 को शुरू हुआ था। कार्यदायी संस्था पीएनसी के प्रोजेक्ट मैनेजर के पीएस भदौरिया ने बताया कि 60 किलोमीटर में 59 किलोमीटर का कार्य पूरा हो चुका है। एक किलोमीटर में अयोध्या में रेलवे क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज के निर्माण का कार्य चल रहा है, जिसे जल्द ही पूरा लिया जाएगा।

इससे लखनऊ-वाराणसी और रायबरेली-अयोध्या हाईवे की जुड़ेगी कनेक्टविटी, जगदीशपुर कस्बे का जाम भी समाप्त होगा। इससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *