संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
Updated Wed, 13 Dec 2023 12:19 AM IST
अमेठी सिटी। रेडियोलॉजिस्ट के मेडिकल अवकाश पर जाने से जिला अस्पताल में मंगलवार को अल्ट्रासाउंड जांच ठप रही। मंगलवार को मरीजों को बिना जांच कराए ही लौटना पड़ा। असैदापुर स्थित मलिक मोहम्मद संयुक्त जिला अस्पताल में कार्यरत रेडियोलॉजिस्ट डॉ सोमेश्वर पुरी मेडिकल अवकाश पर चले गए हैं। जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा बंद हो गई। मंगलवार को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए अस्पताल पहुंचे मरीज परेशान रहे। मरीजों को निजी क्लीनिकों की दौड़ लगाने को मजबूर होना पड़ा।
वैकल्पिक व्यवस्था होनी चाहिए
संभावा गांव निवासी बुजुर्ग राम सुमेर ने बताया कि पथरी की शिकायत है। डॉक्टर साहब ने अल्ट्रासाउंड जांच के लिए लिखा। डॉक्टर है नहीं अब कैसे जांच होगी। बता रहे है कि अभी कई दिन तक डॉक्टर नहीं आएंगे। अब बाहर से जांच करानी पड़ेगी। परैया गांव निवासी दिनेश यादव ने बताया कि आज अल्ट्रासाउंड कराने की तिथि मिली थी। आने पर पता चला कि डाॅक्टर साहब अवकाश पर है। 40 किलोमीटर दूर से आए और जांच भी नहीं हो सकी। कहा कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच की वैकल्पिक व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग को करनी चाहिए।
भेजा गया है पत्र
सीएमएस डॉ बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट मेडिकल अवकाश पर हैं। पड़ोस के जिले में भी रेडियोलॉजिस्ट तैनात नहीं होने से शासन को पत्र भेजकर वैकल्पिक व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है। रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के बाद ही नियमित तौर पर मरीजों को जांच की सुविधा मिल सकेगी।
