अमेठी। जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर पढ़ने वाले तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को गरमा गर्म भोजन देने की हाॅट कुक्ड योजना की शुरुआत शुक्रवार से शुरू हो गई। पहले दिन बच्चों को तहरी बनाकर परोसा गया। इस योजना से जिले के 79,844 बच्चों को सीधा फायदा मिलेगा। जिले की चार विधानसभाओं में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। शाहगढ़ के दुलापुर खुर्द में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने फीता काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, महिलाओं व बच्चों ने अयोध्या से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सजीव कार्यक्रम का प्रसारण भी देखा।
जिले के 1949 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत तीन से छह साल तक के बच्चों के लिए हॉट कुक्ड मील योजना (गर्म पकाया भोजन) की शुरुआत हुई। शाहगढ़ के तहत संचालित केंद्र दुलापुर खुर्द पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि द्वारा योजना का शुभारंभ किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा, जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष श्रीवास्तव ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन भी किया। कार्यक्रम में वेदांता ग्रुप के कोऑर्डिनेटर अक्षत सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष के हाथ से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रोत्साहन उपहार का वितरण कराया।
कार्यक्रम में बीएसए संजय तिवारी, बीडीओ शाहगढ़ अभिषेक पटेल, सीडीपीओ ममता नायक, संतोष कुमार गुप्ता मौजूद रहे।विधानसभा तिलोई के आंगनबाड़ी केंद्र तिलोई प्रथम में ब्लाक प्रमुख अर्चना सिंह व उनके प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, जगदीशपुर के सिंधियावा द्वितीय में ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि राकेश विक्रम सिंह, बीडीओ आकांछा सिंह, सीडीपीओ सरिता सिंह, नंद घर कार्यक्रम के प्रबंधक धीरू शुक्ला की मौजूदगी में कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
अमेठी के आंगनबाड़ी केंद्र खेरौना में ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि घनश्याम चौरसिया ने योजना का शुभारंभ किया।योजना का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत लाभार्थियों को गरमा गर्म भोजन के माध्यम से उनके पोषण स्तर में सुधार करना है।
