
निरीक्षण करतीं स्मृति ईरानी
अमेठी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गौरीगंज के कौहार मैदान में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के सौजन्य से कराई गई सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही 613 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर स्थानीय सांसद स्मृति ईरानी ने खेलकूद प्रतियोगिता शुरू कराई थी। प्रतियोगिता में एक लाख 56 हजार खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया।
इसके बाद न्याय पंचायत, ब्लॉक, विधानसभा के बाद अब लोकसभा स्तर पर प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को शुक्रवार को सम्मानित किया जाएगा। गौरीगंज के कौहार मैदान में आयोजन किया गया है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, सांसद मनोज तिवारी बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग कर रहे हैं।
इसके साथ ही प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव, राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, विधायक सुरेश पासी, अशोक कुमार, विधान परिषद सदस्य शैलेंद्र सिंह व गोविंद नारायण शुक्ल, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि विशिष्ट अतिथि के तौर पर बुलाए गए हैं। खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ ही 613 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात जिले को मिलेगी।
अफसरोें ने लिया जायजा
डीएम राकेश कुमार मिश्र, एसपी डाॅ. इलामारन जी ने केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव विजय गुप्ता, जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी सहित अन्य नेताओं के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अफसरों के साथ बैठक की। साथ ही अन्य बिंदुओं पर जानकारी हासिल की।
इन योजनाओं का होगा शिलान्यास
– 176.12 करोड़ रुपये की कारागार की एक परियोजना
– 225.28 करोड़ रुपये की पुलिस की एक परियोजना
– 78 लाख रुपये की सांसद निधि की दो योजना
– 35.33 करोड़ रुपये की जिला पंचायत की 266 परियोजना
– 6.40 करोड़ रुपये की पशुपालन विभाग की चार परियोजना
– 56.94 करोड़ रुपये की लोक निर्माण विभाग की 4 परियोजना
इन योजनाओं का होगा लोकार्पण
– 2.90 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य विभाग की 16 परियोजना
– 2.18 करोड़ रुपये की सांसद निधि की 25 योजना
– 17.14 करोड़ रुपये की जिला पंचायत की 101 योजना
– 1.91 करोड़ रुपये की बेसिक शिक्षा की 01 परियोजना
– 87.95 करोड़ रुपये की लोकनिर्माण विभाग की 15 परियोजना
– 0.49 करोड़ रुपये की महिला कल्याण विभाग की 1 परियोजना
डायवर्जन एक नजर में
– रायबरेली से सुल्तानपुर जाने वाले भारी वाहन बहादुरपुर चौराहा से मोहनगंज होते हुए वाया जगदीशपुर मुसाफिरखाना की तरफ से जाएंगे।
– रायबरेली, नसीराबाद की तरफ से किसी भी प्रकार का भारी वाहन कस्बा गौरीगंज की तरफ नहीं आएगा ।
– सुल्तानपुर से रायबरेली को जाने वाले वाहन जामो भादर चाैराहा थाना क्षेत्र मुंशीगंज जनपद अमेठी से मुसाफिरखाना, जगदीशपुर, जायस होकर जायेंगे।
– प्रतापगढ़ से रायबरेली को जाने वाले वाहन गांधी चौराहा से ककवा, महराजपुर होते हुए जाएंगे।
– गौरीगंज-मुसाफिरखाना रोड पर मुसाफिरखाना तिराहा से कार्यक्रम स्थल की तरफ कार्यक्रम में जाने वाली गाड़ियों के अलावा कोई भी वाहन नहीं जाएगा ।
