अमेठी। पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों के छूटे 2.33 लाख लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए पांच नवंबर से विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत राशन कार्डधारकों से आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी ली जाएगी। जिनका कार्ड नहीं बना होगा, उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके बाद उन्हें कार्ड बनाने के लिए जानकारी दी जाएगी। जिले में पात्र गृहस्थी के 45 हजार 852 राशन कार्ड धारक है, इनमें तीन लाख 43 हजार लोग हैं।

अब तक 67 हजार लोगों का आयुष्मान कार्ड बना है। योजना के तहत ऐसे पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों का चयन किया गया है, जिनमें छह या इससे अधिक यूनिट है। राशन कार्ड धारक आयुष्मान एप, सरकारी राशन की दुकान, जनसेवा केंद्र से आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।

सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह का कहना है कि प्रत्येक कार्डधारक को एक साल में पांच लाख तक का नि:शुल्क इलाज दिया जाता है। सभी पात्रों का कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इनसेट

इस तरह किया जाएगा जागरूक

– पांच नवंबर से राशन वितरण होना है। राशन लेने के लिए आने वाले लोगों को कोटेदार के माध्यम से आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा।

– पात्रता सूची में शामिल कई ऐसे परिवार व उनके सदस्य जो बाहर रहते हैं, वह त्योहार में अपने घर आएंगे। ऐसे में उनका आयुष्मान कार्ड बनाया जा सकता है।

चलाया गया अभियान

– शनिवार को जगदीशपुर के थौरी गांव में आयुष्मान कार्ड को लेकर विशेष शिविर लगाया गया। आयुष्मान मित्र संध्या सिंह ने बताया कि ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी दी गई। अधीक्षक डॉ. प्रदीप तिवारी की मौजूदगी में यहां पर 20 लोगों का कार्ड बनाया गया।

ऐसे करें एप का प्रयोग

जिला समन्वयक डॉ. अनूप तिवारी ने बताया कि पांच लाख तक का इलाज आयुष्मान कार्ड से कराया जा सकता है। इसके लिए प्ले स्टोर में जाकर आयुष्मान एप डाउनलोड कर लें। मोबाइल फोन पर ओटीपी आएगा। आधार मोबाइल से लिंक होना चाहिए।

इसके बाद ई-केवाईसी बटन पर क्लिक करें। खुद की केवाईसी के लिए आधार नंबर प्रदर्शित होगा, जिसको वेरिफाई करने के लिए मोबाइल नंबर पर ओटीपी जाएगा। सभी जानकारी भरकर सबमिट बटन पर क्लिक कर आयुष्मान कार्ड डाउनलोड कर लें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *