अमेठी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीगंज में लगी एक्सरे मशीन खराब हो गई। मंगलवार को यहां पर जांच कराने के लिए आए करीब 50 मरीजों को बिना जांच कराए ही वापस होना पड़ा।
एक्सरे मशीन खराब होने से अमेठी से सात वर्षीय पलक का एक्सरे कराने आई उनकी मां ने कहा कि अब उन्हें बेटी की जांच निजी एक्सरे मशीन से कराना पड़ेगा। मशीन कब तक ठीक होगी। इस बात को विभाग का कोई भी जिम्मेदार नहीं बता पा रहा था।
वहीं, गौरीगंज के प्रभास श्रीवास्तव अपने 10 वर्ष के बच्चे का एक्सरे कराने आए थे। मशीन खराब होने की जानकारी मिलने पर हाथ में पर्चा थामे वापस चले गए। एक्सरे मशीन बनाने आए इंजीनियर सतीश वर्मा ने बताया कि बड़ी तकनीकी खराबी है। जिसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। एक्सरे टेक्नीशियन अशोक कुमार नायक ने कहा कि एक्सरे मशीन से सीने का एक्सरे मरीज को खड़ा करके किया जाता है। किसी तरह काम चलाने के लिए लिटाकर जांच किया जा रहा था।
कहा कि मशीन का खराब पार्ट विदेश से मंगाना पड़ता है। जिसमें लाखों रुपये का खर्च आएगा। फिलहाल इंजीनियर द्वारा ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, जानकारी के अभाव में अस्पताल आए मरीजों को चिकित्सक एक्सरे जांच लिख रहे थे।
