अमेठी सिटी। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा-2024 में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के शैक्षिक विवरणों में त्रुटियों को ठीक करने का बोर्ड ने अंतिम मौका दिया है। प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर 19 दिसंबर तक परीक्षार्थियों के आवेदन से जुड़ीं त्रुटियां साक्ष्य समेत निर्धारित प्रारुप पर संशोधित करने के लिए ऑफलाइन बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद भी त्रुटि मिलने पर जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। यूपी बोर्ड परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद हर साल परीक्षार्थी त्रुटियों को ठीक कराने के लिए बोर्ड के चक्कर लगाते हैं। इसीलिए बोर्ड इस बार पहले ही कमियों को दूर करने का प्रयास कर रहा है। बोर्ड ने परीक्षार्थियों के शैक्षिक विवरणों जैसे नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, जेंडर, जाति, फोटो और विषयों आदि में त्रुटियों के निराकरण का अंतिम मौका दिया है। पूर्व में भी बोर्ड ने मौका दिया था। लेकिन, कई विद्यालयों ने फिर मौका देने की मांग की थी।
बोर्ड ने त्रुटियों में सुधार के लिए अंतिम ऑफलाइन मौका दिया है। प्रधानाचार्य 19 दिसंबर तक कॉलेज में पंजीकृत परीक्षार्थी के आवेदन में हुई त्रुटियां को साक्ष्य समेत बोर्ड कार्यालय भेज सकते हैं। इसके बाद कोई भी मौका न देने की बात कहते हुए प्रवेश पत्र या परीक्षा के दौरान त्रुटि प्रकाश में आने व परीक्षा प्रभावित होने या परीक्षार्थी को परेशान होने पर जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी है।
प्रधानाचार्यों को दी जिम्मेदारी
डीआईओएस रीता सिंह ने बताया कि सचिव का पत्र मिलने के बाद सभी प्रधानाचार्यों को हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के बोर्ड परीक्षार्थियों के आवेदन पत्रों की जांच कर त्रुटि रहित कराने का निर्देश दिया गया है। 19 दिसंबर तक निर्धारित प्रारुप पर सूचना देने पर बोर्ड कार्यालय से त्रुटियां दूर की जाएंगी। इसके बाद यदि कोई त्रुटि आवेदन में रहती है, तो प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
