संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
Updated Fri, 15 Dec 2023 12:05 AM IST
मुसाफिरखाना (अमेठी)। गैस एजेंसी संचालक को गुमराह कर फर्जी दस्तावेजों की मदद से डेढ़ करोड़ रुपये के गबन का मामला आया है। कोर्ट के आदेश पर मुसाफिरखाना थाने में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मोहनगंज थाने के पूरे चैन सिंह मजरे कूरा गांव निवासी सूरजदीन पासी की इंडियन ऑयल कंपनी की रसोई गैस एजेंसी है। सूरजदीन ने आरोप लगाया है कि एजेंसी में कार्यरत प्रबंधक कुटमरा गांव निवासी सुरेश कुमार, सीए शिशिर त्रिपाठी, बीएम विश्वकर्मा प्रोफेसनल एकांउटेट, अनिल कुमार मिश्र सीए एकाउटेंट पार्टनर व ऑडिटर राजेश कुमार ने बैलेंस शीट और बैंक के कागजों में हेराफेरी की है। कूटरचित साजिश के तहत गलत आईटीआर दाखिल कर डेढ़ करोड़ रुपये गबन करने के साथ एजेंसी पर कब्जा करने का आरोप लगाया है।
अक्तूबर 2022 में मामला संज्ञान में आने के बाद पीड़ित एजेंसी मालिक ने मामले की शिकायत थाने से लेकर एसपी तक की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने सुल्तानपुर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में परिवाद दाखिल किया। कोर्ट ने पुलिस को केस दर्ज कर मामले की जांच करते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया।
कोर्ट का आदेश मिलने के बाद बुधवार को पुलिस ने पांचों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ विनोद सिंह ने केस दर्ज करने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि जांच के बाद प्रकरण में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
