
मंगलवार की सुबह सड़क पर छाया कोहरा।
अमेठी। मौसम में अचानक आए बदलाव के बीच सोमवार की देररात से ही कोहरा शुरू हो गया। मंगलवार की सुबह तक छाए घने कोहरे से सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए।
कोहरे से बढ़ी ठंड ने लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया। मंगलवार की सुबह आवश्यक कार्य से निकले लोग कुछ दूर चलने के बाद अलाव खोजते नजर आए। कम दृश्यता से वाहन चालकों को परेशानी हुई।
मंगलवार की सुबह कोहरे व धुंध का आलम यह था कि सुबह थोड़ी दूर भी नहीं दिखाई दे रहा था। कोहरे व धुंध के चलते यातायात भी प्रभावित हुआ। करीब 10 बजे सूर्य देव के दर्शन हुए। इसके बाद लोगों को थोड़ी सी राहत मिली।
वाहन संचालन में बरते सावधानी
यातायात प्रभारी शोभनाथ ने बताया कि सुबह और रात को कोहरा बढ़ने से सड़क हादसे बढ़ जाते हैं। कोहरे से विजिबिलिटी (दृश्यता) कम होने लगती है। कोहरे में वाहन चालकों को गति नियंत्रण रखने के साथ सावधानी पूर्वक वाहन चलाना चाहिए।
गेहूं की पैदावार होगी बेहतर
रवी सीजन की मुख्य फसल गेहूं की बोआई हो रही है। इसके लिए ठंड का बढ़ना फायदे मंद रहेगा। राजकीय कृषि बीज भंडार ठेंगहा प्रभारी बृजेन्द्र सिंह ने बताया कि ठंड व कोहरा बढ़ने से गेहूं की पैदावार अच्छी रहेगी। जितनी ज्यादा ठंड बढ़ेगी उतना ही उत्पादन बढ़ेगा, और किसानों को फायदा होगा।
कोहरे से आलू, सब्जी के साथ फूल वाली तिलहनी और दलहनी फसलों पर असर पड़ेगा। बताया कि पाले से बचाव के लिए खेत की मेड़ों पर धुआं करें और नमी बनाए रखें। इसके साथ ही दवाओं का भी छिड़काव करें।
छाई रहेगी बदली, बारिश की संभावना नहीं
अयोध्या के कुमारगंज स्थित आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमर नाथ मिश्र ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा की गति 0.5 किलोमीटर प्रतिघंटा रही। उत्तर-पश्चिम दिशा में हवा चली। बताया कि 24 घंटे में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने की संभावना है, बारिश होने की संभावना नहीं हैं। हवा सामान्य गति से पश्चिमी चलने के आसार हैं।