
मुसाफिरखाना में खाद की दुकान का निरीक्षण करती एसडीएम व जिला कृषि अधिकारी। विभागीय सूत्र
अभिलेख अपूर्ण मिलने पर दुकानों पर की गई कार्रवाई
35 खाद की दुकानों का निरीक्षण कर भरे गए 17 नमूने
संवाद न्यूज एजेंसी
अमेठी। प्रशासन की टीम ने शनिवार को निजी क्षेत्र के थोक व फुटकर विक्रेताओं के गोदामों एवं बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया। खामियां मिलने पर एक खाद की दुकान का लाइसेंस निलंबित करते हुए पांच के अभिलेख पूरे न होने पर नोटिस जारी किया गया है।
डीएम राकेश कुमार मिश्र के आदेश पर तहसील गौरीगंज में एसडीएम अभिनव कनौजिया व उपकृषि निदेशक डाॅ. लाल बहादुर यादव, मुसाफिरखाना में एसडीएम सविता यादव व जिला कृषि अधिकारी रविकांत सिंह, अमेठी में एसडीएम प्रीति तिवारी व भूमि संरक्षण अधिकारी संदीप कुमार व तिलोई में एसडीएम दिग्विजय सिंह व अपर जिला कृषि अधिकारी शुभम पांडेय ने दुकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान 35 दुकानों से खाद के 17 नमूने भरे गए। भेटुआ स्थित जायसवाल खाद भंडार पर जब टीम पहुंची तो दुकानदार ने दुकान बंद कर दी। इसके कारण उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। वहीं, विष्णु फर्टिलाइजर्स मुसाफिरखाना, मौर्या खाद बीज भंडार भीखीपुर, पंकज खाद भंडार थौरा, राकेश खाद भंडार, अमृत लाल खाद भंडार फुरसतगंज के अभिलेख अपूर्ण रखने के कारण कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला कृषि अधिकारी रविकांत सिंह ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि खाद की ओवर रेटिंग, कालाबाजारी अथवा अन्य किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर जिला कंट्रोल रूम के दूरभाष संख्या 7839882412 पर शिकायत दर्ज कराएं। किसान खाद लेते समय अपना आधार कार्ड एवं खतौनी अवश्य लेकर जाएं। इफको की एक रैक 2722 मीट्रिक टन खाद शनिवार की रात गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर पहुंच जाएगी।
