
निपुण टेस्ट देेते बच्चे
अमेठी। परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार को निपुण असेस्मेंट टेस्ट में सवालों के फेर में छात्र उलझे नजर आए। किसी को गणित ने फंसाया तो किसी को विज्ञान ने। नेटवर्क न होने से सरल एप पर ओएमआर शीट स्कैन करने में शिक्षकों के पसीने निकल आए। सरल एप पर स्कैन करने में परेशानी पर कई शिक्षकों ने मैनुअल मूल्यांकन कर जिम्मेदारी पूरी की। निपुण भारत मिशन अभियान के तहत मंगलवार को निपुण असेसमेंट टेस्ट सुबह 8:50 बजे से 10:30 बजे तक हुआ। कक्षा चार से आठ तक के विद्यार्थियों की ओएमआर शीट पर परीक्षा हुई। कहीं समय से परीक्षा शुरू नहीं हो पाई तो कहीं पर प्रश्न पत्रों की संख्या कम रही। कई स्कूलों में ओएमआर सीट कम होने पर फोटो काॅपी भी करवानी पड़ी। जिससे परीक्षा शुरू होने में 15 से 30 मिनट का विलंब हुआ। कक्षा-छह से आठ तक बच्चे गणित के सवालों में उलझे तो रासायन विज्ञान के सूत्रों से जुड़े सवाल देख चकरा गए। सरल एप पर ओएमआर सीट का मूल्यांकन करना शिक्षकों के लिए सबसे बड़ी परेशानी साबित हुई। बीएसए संजय कुमार तिवारी समेत अफसरों ने निरीक्षण कर टेस्ट की हकीकत देखी तो पर्यवेक्षक भी परीक्षा को संपन्न कराने की कोशिश में जुटे रहे।
फोटो स्टेट प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट से कराई परीक्षा
अमेठी। निपुण असेसमेंट टेस्ट में विद्यालयों में प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट कम मिलने के कारण शिक्षकों को प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट की फोटो कॉपी करा कर टेस्ट करना पड़ा। नाम न छापने की शर्त पर शिक्षकों ने बताया कि ओएमआर शीट पंजीकृत एवं उपस्थित बच्चों के सापेक्ष कम मिली थी, जिसे फोटो स्टेट करा कर टेस्ट कराया गया। बीईओ डॉ संतोष कुमार यादव ने बताया कि अमेठी में बच्चों की उपस्थिति 94 फीसदी तो भेटुआ में 93 फीसदी है।
पर्यवेक्षक की निगरानी में हुआ टेस्ट भादर (अमेठी)। प्राथमिक विद्यालय अग्रेसर में कक्षा 4 में 31 छात्र पंजीकृत थे। जिसमें से 24 छात्र टेस्ट में शामिल हुए तो सात अनुपस्थित रहे। कक्षा 5 में 25 छात्र पंजीकृत हैं, जिसमें 21 छात्र टेस्ट में शामिल हुए । केवल 4 छात्रों ने टेस्ट छोड़ा। पर्यवेक्षक के रूप में धनंजय कुमार पांडेय, प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार पाठक ,ऋषभ तिवारी सहित शिक्षक मौजूद रहे।
प्राथमिक विद्यालय परसरामपुर में पर्यवेक्षक सुष्मिता मिश्रा की निगरानी में टेस्ट का आयोजन हुआ । कक्षा 4 में पंजीकृत 18 छात्रों में 15 उपस्थित रहे, तीन छात्रों ने टेस्ट छोड़ा । कक्षा 5 में पंजीकृत 14 छात्रों में 11 छात्र टेस्ट में शामिल हुए ,3 छात्र टेस्ट में शामिल नहीं हुए । इंचार्ज प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह मौजूद रहे । (संवाद)
खरौली के 40 बच्चों ने दिया निपुण एसेसमेन्ट टेस्ट
जायस (अमेठी) । प्राथमिक विद्यालय खरौली मे कक्षा 3 व 4 मे पंजीकृत 40 बच्चों ने निपुण एसेसमेन्ट का टेस्ट दिया। टेस्ट के दौरान विद्यालय की कक्षा चार की छात्रा नित्या को प्रश्न समझने में परेशानी आने पर प्रधानाचार्य अरुण कुमार ने पेपर मे आये प्रश्न का मतलब समझाया। (संवाद)
टेस्ट की हुई निगरानी
सिंहपुर(अमेठी)ब्लाक क्षेत्र के 118 परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार को कक्षा 4 से 8 तक के बच्चों ने निपुण असेसमेंट टेस्ट दिया जिसमें कंपोजिट विद्यालय मेहमानपुर व प्रथमिक विद्यालय बहादुरगंज में बच्चों को लाइन में बिठाकर अध्यापकों की निगरानी में परीक्षा सम्पन्न कराई गई।इस अवसर पर प्रधानाध्यापक रमन कुमार त्रिवेदी, मोहनलाल, मेहा त्रिपाठी, रीनी, रामबालक, जगदीश मौजूद रहे।
