
गोशाला का निरीक्षण करते डीएम
अमेठी। डीएम राकेश कुमार मिश्र ने शनिवार को अस्थाई गोआश्रय स्थल महमूदाबाद का निरीक्षण किया। गोवंशों को भूसे के स्थान पर पराली खिलाने पर कड़ी नाराजगी जताकर केयरटेकर को फटकार लगाई। डीएम ने पंचायत सचिव संजय कुमार, ग्राम प्रधान व पशुधन प्रसार अधिकारी अंजनी यादव से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश सीवीओ दिया है।
शनिवार को डीएम ने गोआश्रय स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जिम्मेदारों को प्रति गोवंश प्रतिदिन एक किलो पशु आहार खिलाने के निर्देश दिए। डीएम ने गोआश्रय स्थल से तत्काल पराली हटाकर गोवंशों को भूसा खिलाने को कहा। इसके साथ ही डीएम ने गोशाला परिसर को बराबर कर उसकी साफ-सफाई कराने एवं पौधारोपण करने के निर्देश संबंधित खंड विकास अधिकारी को दिए।
सहभागिता योजना अंतर्गत दुधारू गायों को पशुपालकों को उपलब्ध कराने को कहा। बताया कि सहभागिता योजना के तहत पूर्व में दिए जा रहे 30 रुपए की धनराशि को बढ़ाकर शासन ने प्रतिदिन 50 रुपए कर दिया गया है। डीएम ने रात में भी गोशाला में केयरटेकर को रुकने व बीमार पशुओं के नियमित देखभाल एवं स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारी को दिए।
इस दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. जेपी सिंह, डीपीआरओ श्रीकांत यादव, बीडीओ अमेठी सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।
