
बाजार शुकुल में भरा बारिश का पानी।
गौरीगंज(अमेठी)। शहर में शनिवार को मौसम साफ रहा जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर बूंदाबांदी के बाद तेज बारिश हुई। बाजारशुकुल, राजाफत्तेपुर समेत अन्य स्थानों पर मौसम का मिजाज बदला और बारिश होने लगी। बारिश से जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवागमन में समस्या झेलनी पड़ी। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के दौरान विद्युत कटौती भी की गई।
शनिवार को दिन में शहर का मौसम साफ रहा। दोपहर आते-आते तेज धूप होने लगी। हालांकि दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और मौसम सुहाना हो गया। बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। बीते दो दिनों से हो रही बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश हुई। आनंद देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान के पर्यवेक्षक अमरनाथ मिश्र ने आगामी 24 घंटे के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में आसमान में बादल छाए रहने व हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
महोना में हुआ जलभराव
बाजार शुकुल (अमेठी)। क्षेत्र में शनिवार को हुई हल्की बारिश ने महोना कस्बे में सफाई की पोल खोल दी। बारिश के पानी से सड़क डूब गई। एडीओ पंचायत सुरेंद्र कुमार ने बताया कि नालियां साफ कराई गई थीं।
आंधी के साथ हुई बारिश
राजा फत्तेपुर (अमेठी)। शनिवार को अचानक आंधी के साथ बारिश होने लगी। क्षेत्र के गौंडा, जुगराजपुर, खेखरुआ, सिंहपुर, फूला , छीतापुर सहित तमाम गांवों में जमकर बारिश हुई। बारिश होने से लोगों ने उमस भरी गर्मी से सुकून महसूस किया। क्षतिग्रस्त मार्गों पर जलभराव की समस्या से लोग परेशानी झेले। देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
