District hospital's emergency oxygen plant malfunctions

अस्पताल में लगा ऑक्सीजन का प्लांट

अमेठी। असैदापुर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में रविवार की दोपहर ऑक्सीजन प्लांट अचानक खराब हो गया। प्लांट से वार्ड को होने वाली ऑक्सीजन की आपूर्ति बंद हो गई। वहां भर्ती मरीजों में हड़कंप मच गया। आनन फानन कर्मियों ने ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की व्यवस्था की। कोरोना काल में संयुक्त जिला अस्पताल में दो ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए गए थे। एक प्लांट से इमरजेंसी, जबकि दूसरे वार्ड में ऑक्सीजन की आपूर्ति बेड टू बेड दी जाती है। रविवार की दोपहर एक बजे अचानक इमरजेंसी वार्ड के मरीजों के लिए संचालित ऑक्सीजन प्लांट में खराबी आ गई। प्लांट बंद होने के बाद कर्मियों ने दोबारा से शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन चालू नहीं हुआ।

जिस वक्त प्लांट खराब हुआ, उस वक्त इमरजेंसी में 12 मरीज भर्ती थे। हालांकि, स्वास्थ्य कर्मियों का दावा है कि भर्ती मरीजों में से किसी को ऑक्सीजन की जरूरत नहीं पड़ी। लेकिन, विकल्प के तौर पर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की व्यवस्था की गई है, ताकि मरीजों को कोई परेशानी न हो।

दो दिन पहले ही हुआ था मॉक ड्रिल

मॉक ड्रिल के माध्यम से जिला अस्पताल में शुक्रवार को एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद ने ऑक्सीजन प्लांट की व्यवस्था परखी थी। उस वक्त यहां की व्यवस्था ठीक होने का दावा किया गया था।

जिला अस्पताल में 500 व 207 लीटर प्रति मिनट की क्षमता वाले दो ऑक्सीजन प्लांट हैं। मॉकड्रिल के दो दिन बाद ही प्लांट में खराबी आने के बाद कई सवाल उठने लगे हैं।

परेशानी न हो, इसका पूरा प्रयास होगा

सीएमएस डॉ. बीपी अग्रवाल ने बताया कि ऑक्सीजन प्लांट को दुरुस्त करने के लिए कार्यदायी संस्था को सूचित कर दिया गया है। कोशिश की जा रही है कि अतिशीघ्र उसे ठीक करा लिया जाय। अस्पताल में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। मरीजों को कोई दिक्कत न हो, इसका पूरा प्रयास किया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *