गौरीगंज (अमेठी)। अंतर जनपदीय तबादलों ने बेसिक शिक्षा विभाग की मुश्किल और बढ़ा दी हैं। पहले से ही शिक्षकों की कमी से जूझ रहे जिले से 267 शिक्षकों का तबादला किया गया है। जिले में आने वाले की संख्या महज 170 है। ऐसे में पहले संचालित एकल शिक्षक स्कूलों की संख्या में इजाफा होगा तो शिक्षण कार्य को बेहतर बनाने में विभाग के सामने चुनौती भी होगी।

बेसिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित परिषदीय स्कूल में वर्तमान शैक्षिक सत्र 2023-24 में 1.95 लाख नौनिहाल कक्षा एक से आठ तक पंजीकृत हैं। वर्तमान में 3,958 शिक्षकों के सहारे बेसिक शिक्षा विभाग स्कूल संचालित कर नौनिहालों का भविष्य संवारने की कोशिश कर रहा है। फिलहाल 824 स्कूलों में एक शिक्षक तो 371 स्कूलों में दो शिक्षकों की तैनाती है।

अंतर जनपदीय तबादले के लिए 482 शिक्षकों ने आवेदन किया था, इसमें से 267 शिक्षकों का तबादला हो गया। गैर जिले से सिर्फ 170 शिक्षकों के अमेठी आने की बात कही जा रही है। हालांकि यह तो स्थिति रिलीविंग व ज्वाइन के बाद साफ होगी कि कितने और स्कूल एकल हो जाएंगे।

बीएसए संगीता सिंह ने बताया कि गैर जिले स्थानांतरण से शिक्षकों की आंशिक कमी होगी। शिक्षण के ट्रांसफर से शिक्षण कार्य पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *