संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
Updated Sun, 04 Jun 2023 11:59 PM IST
गौरीगंज (अमेठी)। तीन माह से लगातार दौड़ लगाने के बाद भी न्याय न मिलने से परेशान पीड़ित परिवार के दर्द को अमर उजाला ने रविवार को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। राजस्व टीम गांव पहुंची और प्रश्नगत स्थल की पैमाइश की। पैमाइश से पीड़ित परिवार संतुष्ट दिखा।
गौरीगंज थाने के श्रीपुुर मजरे जलामा गांव निवासी पीड़िता सरला तिवारी घर के पीछे छह फीट गली पर गांव के कुछ लोगों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण से परेशान थीं। पीड़िता तीन माह से लगातार जनसुनवाई व अफसरों की चौखट पर पहुंच न्याय दिलाने की गुहार लगाती रहीं। कहीं सुनवाई नहीं हुई। शनिवार को कलेक्ट्रेट में सीडीओ सान्या छाबड़ा की अगुवाई में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सरला का दर्द छलका तो अमर उजाला ने उसकी पीड़ा को प्रमुखता से प्रकाशित किया।
दर्द की इंतिहा: परेशानी बताते फफक पड़े फरियादी शीषर्क से प्रकाशित खबर का जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया। रविवार को राजस्व टीम गांव पहुंच गई। गांव पहुंची टीम ने भूमि की पैमाइश करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया। भूमि की पैमाइश होने व न्याय मिलने के बाद पीड़िता सरला तिवारी ने अमर उजाला कार्यालय फोन कर आभार भी जताया।
