Dumper crushes student, protest, road blocked

गुस्साए लोगों को समझाते पुलिस अ​धिकारी

अमेठी। ककवा रोड पर साइकिल सवार छात्र को बुधवार को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में छात्र की मौके पर ही मौत गई। दुर्घटना के बाद पहुंचे परिजन व ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने लाठीचार्ज करके लोगों को दौड़ाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से भड़के ग्रामीण एक बार फिर सड़क पर एकत्र हो गए। बाद में पुलिस अधिकारियों ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया।

अमेठी कोतवाली क्षेत्र के महाराजपुर गांव निवासी विनोद कुमार का बेटा अनमोल (10) सरस्वती ज्ञान मंदिर में कक्षा-पांच में पढ़ाई करता था। बुधवार को स्कूल से आने के बाद शाम चार बजे वह घर से साइकिल लेकर गांव में ही एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में ककवा रोड पर अमेठी की ओर से जा रहे डंपर ने उसे कुचल दिया, जहां छात्र की मौके पर मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते आसपास के ग्रामीण व परिजन एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने ककवा रोड पर जाम लगा दिया। कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने लाठीचार्ज करके लोगों को दौड़ाया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार करने का दावा किया।

दुर्घटना की जानकारी लगते ही आसपास के गांवों के लोग दोबारा से एकत्र हो गए। लोगों ने शव को दोबारा मौके पर लाने की मांग करते हुए मार्ग जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक शव को दोबारा नहीं लाया जाता है तब तक वह सड़क से नहीं उठेंगे। मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया।

सीओ लल्लन सिंह ने बताया कि परिजनों को समझा दिया गया है। लाठीचार्ज का आरोप गलत है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। एसएचओ अरूण द्विवेदी ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। एएसपी हरेंद्र कुमार का कहना है कि लाठीचार्ज का आरोप गलत है। जाम खुलवा दिया गया है।

बंद रहा बाजार

ककवा रोड पर हुए हादसे के बाद लोगों ने महराजपुर बाजार बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे लोगों को काफी समस्या हुई। मार्ग जाम के कारण अठेहा, सलोन व परसदेपुर व सांगीपुर को जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बुझ गया चिराग

विनोद कुमार खेती किसानी करते हैं। उनके एक ही बेटा अनमोल था। उसकी मौत के बाद घर का चिराग बुझ गया। बेटी अंकिता की उम्र सात वर्ष है। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां गीता अनमोल का नाम लेकर बार-बार बेहोश हो जा रही है।

सड़क हादसों पर एक नजर में

– 4 दिसंबर को कमरौली में लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर कोहरे के कारण ट्रक व डीसीएम की टक्कर में चालक घायल हो गया। संग्रामपुर में हुए हादसे में दो लोग घायल हो गए।

– 5 दिसंबर को अमेठी के दुर्गापुर रोड पर हुए हादसे में तीन लोग घायल हो गए।

– 6 दिसंबर को फुरसतगंज में स्टेयरिंग फेल होने के कारण ट्रैक्टर चालक विजय कुमार की मौत हो गई।

– 7 दिसंबर को अमेठी जाते समय पुलिया के पास हुए हादसे में तीन लोग घायल हो गए।

– 8 दिसंबर को इन्हौना थाना क्षेत्र के सरैया सालारपुर मोड़ पर बाइक की टक्कर से साइकिल सवार बफाती की मौत हो गई।

– 9 दिसंबर को गौरीगंज थाना क्षेत्र के रामपुर कुड़वा गांव के पास नीलगाय से टकराकर कार ने बाइक को ठोकर मार दी थी, इसमें दो की मौत हो गई थी।

– 10 दिसंबर को जगदीशपुर में ई रिक्शा पलटने से तीन महिलाएं घायल हो गई।

– 11 दिसंबर को जायस में ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई।

– 12 दिसंबर को गौरीगंज-मुसाफिरखाना मार्ग पर पिकअप की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *