संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
Updated Sat, 23 Sep 2023 12:06 AM IST
अमेठी। जिले में अभी डेंगू की रफ्तार कम नहीं हुई है। इसी बीच स्क्रब टाइफस ने दस्तक दे दी है। एक बालिका के बीमार होने का मामला आने के बाद स्वास्थ्य टीम ने गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक किया है। जामो की पांच वर्षीय बच्ची की जांच करने पर उसे स्क्रब टाइफस संक्रमण निकला है।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शेषधर द्विवेदी ने बताया कि स्क्रब टाइफस का जीवाणु कच्चे मकान, छप्पर वाले घर व बिना प्लास्टर वाले घरों की दीवारों व नमी वाले स्थानों पर निवास करते हैं। इस जीवाणु के काटने पर शरीर में निशान बन जाता है।
इस बीमारी का लक्षण एक दो सप्ताह में दिखाई देता है। संक्रमित मरीज को तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, खांसी के साथ शरीर के कुछ स्थानों पर दाने निकल आते हैं। समय से उपचार न होने पर निमोनिया व मस्तिष्क बुखार की संभावना ज्यादा होती है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि रात में सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग जरूर करें। पशुशाला व घर के आस पास साफ सफाई का विशेष ध्यान दें। जिससे इस जीवाणु के संक्रमण से बचा जा सके।
