
जिला अस्पताल में मौजूद मरीज और तीमारदार
अमेठी। मौसम में बदलाव के साथ सर्दी का असर सेहत पर होने लगा है। संयुक्त जिला अस्पताल की ओपीडी में सर्दी से बीमार 319 लोगों का इलाज किया गया। 297 बुखार पीडितों का उपचार चिकित्सकों द्वारा किया गया। वहीं डेंगू के 9 संदिग्ध मरीज सामने आए हैं।
दिन में तेज धूप व रात में ठंड का असर लोगों को बीमार कर रहा है। बृहस्पतिवार को संयुक्त जिला अस्पताल की ओपीडी में उपचार कराने पहुंचे 1002 लोगों ने पंजीकरण कराया। चिकित्सक को दिखाने के बाद सर्दी से 319 लोग बीमार मिले। वहीं बुखार पीडितों की संख्या 297 रही।
डेंगू के 9 संदिग्ध मरीजों के सामने आने पर एलाइजा जांच के लिए खून का नमूना लेकर भेजा गया। रिपोर्ट आने के बाद सही डेंगू की पुष्टि हो सकेगी। संयुक्त जिला अस्पताल में उपचार कराने आए मरीजों में कफ के 65, जुकाम 68, लूज मोशन 50, पेटदर्द 56 व शरीर में पानी की कमी के 39 मरीजों का उपचार किया गया है। सीएमएस डॉ. बीपी अग्रवाल ने कहा की सर्दी से बचने के लिए लापरवाही करना भारी पड़ सकता है। इस लिए सावधानी जरूरी है।
कहा कि संयुक्त जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए जांच व दवाओं का पूरा इंतजाम है। किसी को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।
