संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी

Updated Sun, 08 Oct 2023 12:05 AM IST

अमेठी। जिले में तैनात प्रतापगढ़ निवासी शिक्षक की लखनऊ में इलाज के दौरान डेंगू से मौत हो गई है। वहीं, एक अन्य शिक्षक बुखार से बीमार होने के कारण लखनऊ में भर्ती है। इधर, जिले में डेंगू के दो और मरीज मिले हैं। उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतापगढ़ निवासी गौरव सिंह जिले के भादर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय खानापुर द्वितीय में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। एकाएक उनकी तबीयत बिगड़ी। बुखार से बीमार हो गए। जांच कराने पर वह डेंगू से ग्रसित मिले। परिजन उन्हें लखनऊ ले गए। जहां पर सहारा अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शिक्षक नेताओं ने इस पर शोक जताया है। बहादुरपुर के हरबंसगंज प्राथमिक स्कूल के शिक्षक धर्मेंद्र बुखार से पीड़ित हैं, वर्तमान में मेदांता अस्पताल लखनऊ में भर्ती हैं।

इधर, शनिवार को कार्ड की जांच में बाजारशुकुल 02 व जगदीशपुर में 01 संदिग्ध डेंगू के मरीज मिले हैं। वहीं आई एलाइजा रिपोर्ट में जगदीशपुर व अमेठी में एक-एक कंफर्म डेंगू के मरीज सामने आए हैं। जिला मलेरिया अधिकारी शेषधर द्धिवेदी ने बताया कि बुखार से पीड़ित 95 लोगों के खून का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद डेंगू की सही पुष्टि हो सकेगी।

शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही। 900 मरीजों में से 391 मरीज बुखार के थे। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह डेंगू से मौत के मामले की जानकारी न होने की बात कह रहे हैं। उनका कहना है कि चूंकि शिक्षक प्रतापगढ़ का रहने वाले हैं, इसलिए अगर ऐसा है तो उस जिले में सूचना गई होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें