संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
Updated Sun, 09 Jul 2023 12:30 AM IST
बाजार शुकुल (अमेठी)। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने दूसरी शादी रचा ली। पत्नी के विरोध करने पर ससुराली जनों ने पिटाई कर घर से बाहर निकाल दिया। शनिवार को मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुंशीगंज थाने के कोरारी हीरशाहपुर गांव निवासी नीलम का विवाह छह वर्ष पहले विवाह बाजारशुकुल थानाक्षेत्र के पारा गांव निवासी रामसिंह से हुआ था। इनके दो बच्चे हैं। शादी के बाद कुछ दिन तक सब ठीक चलता रहा लेकिन ससुराली जन बाद में नीलम को दहेज के लिए परेशान करने लगे। आरोप है कि 22 जून को राम सिंह ने दूसरा विवाह कर लिया।
ससुराली जनों ने उसकी पिटाई करके उसे घर से बाहर कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पति समेत चार ससुराली जनों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है। एसएचओ तरुण कुमार पटेल ने बताया कि जांच के बाद जल्द वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।