
घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त कार, बाइक नीलगाय सहित मौजूद भीड़।
अमेठी सिटी। गौरीगंज थानाक्षेत्र से गुजरने वाले टांडा-बांदा हाईवे पर शनिवार की सुबह रामपुर कुड़वा गांव के पास नीलगाय से टकराकर एक कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद सामने से आ रही बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। बाइक सवार दोनों की मौत हो गई। कार सवार दो को जिला अस्पताल से लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया।
जायस थाना क्षेत्र के बड़ा कोरियाना मोहल्ला निवासी सैयद निहाल (35) और पुराना बस स्टॉप निवासी मो. शब्बीर (32) गौरीगंज कस्बे में ट्रेलर की दुकान पर काम करते हैं। शनिवार की सुबह सात बजे बाइक से दोनों दुकान आ रहे थे। तभी गौरीगंज थाने के लुगरी गांव निवासी सुनील सिंह कार से चालक सुल्तानपुर जिले के लोटिया राजापट्टी निवासी अजीत सिंह के साथ रायबरेली के निकले थे।
रास्ते में टांडा-बांदा हाईवे पर रामपुर कुड़वा के पास अचानक सामने नीलगाय से कार टकरा गई। इससे वह अनियंत्रित हो गई। कार चालक जब तक काबू कर पाता तब तक सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक सवार सैयद निहाल व शब्बीर की बाइक के साथ ही कार सवार सुनील व अजीत घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने सैयद निहाल व मो शब्बीर को मृत घोषित कर दिया। कार चालक अजीत सिंह और सुनील सिंह की हालात नाजुक देखकर प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर बाइक के पार्ट तितर-बितर हो गए।
एसएचओ अमर सिंह ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि हेलमेट टूटने की बात बताई जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलती है तो केस दर्ज मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सैयद निहाल व मो शब्बीर के मौत की खबर जायस पहुंची तो परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार व बाइक के साथ शव को कब्जे में लेकर मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
