परशदेपुर (रायबरेली)। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शुक्रवार को अमेठी संसदीय क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचीं। इस दौरान नगर पंचायत परशदेपुर में आउट सोर्सिंग के तहत तैनात कर्मचारी केंद्रीय मंत्री की गाड़ी के सामने कूद गया। कर्मचारी नौकरी से निकाले जाने से खफा था। केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा में हुई चूक से अफसर हैरान रह गए। केंद्रीय मंत्री गाड़ी से नीचे उतरी और कर्मचारी को इलाज कराने के लिए अस्पताल ले जाने के लिए कहा। 13 अन्य कर्मचारियों ने भी सांसद से अपनी बात रखी और कहा कि उन्हें उनकी नौकरी वापस दिलाई जाए।

सबसे पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सलोन विधानसभा के छतोह ब्लॉक क्षेत्र के बेढ़ौना गांव पहुंची, जहां लोगों की समस्याओं को सुना और निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके बाद सांसद का काफिला कुंवरमऊ के लिए निकला। कार्यक्रम स्थल से पहले ही नगर पंचायत परशदेपुर मेंं तैनात नौकरी से निष्कासित प्रयागराज निवासी धीरेंद्र कुमार केंद्रीय मंत्री के गाड़ी के सामने कूद गया जिससे वहां पर अफरातफरी मच गई। तुरंत ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। केंद्रीय मंत्री ने गाड़ी से उतर कर पुलिस से युवक का मेडिकल कराने को कहा।

पूछने पर पीड़ित कर्मचारी ने बताया कि नगर पंचायत परशदेपुर कार्यालय में लगभग छह साल से चौकीदार के पद पर काम कर रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कुमार कौशल ने बिना किसी कारण के पांच जून को नौकरी से निकाल दिया। अब हम कहां जाएं। बड़ी बेटी बीएससी कर रही है, जबकि छोटी बेटी इंटर में है। अब बेटियों की पढ़ाई और रोजी-रोटी कैसे चलेगी।

इसके अलावा नगर पंचायत परशदेपुर कार्यालय में आउट सोर्सिंग के तहत तैनात कर्मचारी आकाश, सुरेश, अवनीश कुमार, राहुल कुमार, मो. आबेद, धीरेंद्र सिंह, अशोक कुमार आदि ने केंद्रीय मंत्री को अपनी व्यथा सुनाई। बताया कि सुपरफास्ट मल्टिसर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की ओर से हम सभी को नगर पंचायत में रखा गया था। कई वर्षो से काम कर रहे हैं। पांच जून को हम सबको नौकरी से निकाल दिया गया है। इसी नौकरी से हम सभी के परिवार का भरण पोषण होता है। मंत्री ने मामला दिखवाने की बात कही। उधरह, ईओ निमिषा भारद्वाज ने बताया कि कंपनी द्वारा कर्मचारियों को हटाए जाने की कोई लिखित सूचना नहीं मिली है। व्हाट्सएप पर मैसेज मिला है। मामले को दिखवाया जाएगा। कर्मचारियों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

हम बदले की भावना से नहीं करते हैं काम: स्मृति ईरानी

परशदेपुर। केंद्रीय मंत्री ने छतोह ब्लॉक क्षेत्र के बेढ़ौना, कुंवरमऊ, बेवल, कुढ़ा, कांटा व सरायं में आयोजित जन संवाद विकास यात्रा में शामिल होकर लोगों की समस्याओं को सुना और निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हम बदले की भावना से काम नहीं करते हैं। वाड्रा खानदान व गांधी परिवार का कार्यकर्ता हमारे पास आया तो हमने उसकी भी समस्या का निराकरण किया। हम जो सड़क बनाते हैं, उस पर बीजेपी का कार्यकर्ता ही नहीं, पूरी जनता चलती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *