
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए
अमेठी। कंपोजिट विद्यालय भादर प्रथम में बृहस्पतिवार को अटेवा की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पेंशन पुरुष शहीद रामाशीष सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही पुरानी पेंशन बहाली की मांग दोहराते हुए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। जिला संयोजक मंजीत यादव ने कहा कि संघर्ष का सफर चाहे जितना लंबा हो, जब पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती, हमारा आंदोलन जारी रहेगा। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार भारती ने कहा कि निजीकरण की नीति हमारी संवैधानिक व्यवस्था के विपरीत है। कर्मचारियों की पेंशन बंद होने के पहले राजनेताओं की पेंशन बंद होनी चाहिए।
प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि जिस देश का कर्मचारी दुखी हो, समान काम के लिए समान वेतन न हो, उसे विकसित राष्ट्र की संज्ञा देना बेईमानी है। पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष कपिलेश यादव ने कहा शहीद रामाशीष सिंह की शहादत बेकार नहीं जाएगी।
। कार्यक्रम का संचालन जिला कोषाध्यक्ष देवांशु सिंह ने किया। इस मौके पर जामवंत मौर्य, अखिलेश कुमार सिंह, प्रमोद सिंह, रोहित प्रताप सिंह, सुशील यादव, रंजीत कुमार यादव,मो रऊफ, मनु श्रीवास्तव, सलिल मिश्र, बजरंग बली, सचिन कुमार, सतीश शर्मा, विजय प्रताप यादव, रिपु मौर्य आदि मौजूद रहे। जामो बीआरसी पर भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
