अमेठी। भाजपा बूथ अध्यक्ष हत्याकांड के मामले में फरार आरोपियों पर 25-25 हजार इनाम घोषित करने के बाद पुलिस उनकी गिरफ्तारी को लेकर जाल बिछाती रह गई, वहीं मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान संजय सिंह ने बुधवार को सुल्तानपुर में न्यायालय में आत्म समर्पण कर दिया। ऐसे में पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े होने लगे हैं। हालांकि अभी भी इस मामले में पांच अन्य आरोपी फरार है। पुलिस इनको पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
बीते 18 जुलाई को संग्रामपुर थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव निवासी व भाजपा बूथ अध्यक्ष दिनेश सिंह की हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक की बेटी ने छह हत्या आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने 25 जुलाई को रवि शंकर पांडेय और दीपक सिंह को गिरफ्तार किया था। उस वक्त पुलिस ने दावा किया था कि हत्या व उसकी साजिश रचने में छह नहीं, बल्कि आठ लोग शामिल थे। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया था, लेकिन आरोपी पुलिस को लगातार चकमा देते रहे।
इस मामले में पुलिस की कार्रवाई से परिजन असंतुष्ट भी दिखे। दबाव बढ़ता देखकर कुछ दिन पहले संग्रामपुर एसओ को लाइन हाजिर तक कर दिया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सख्त निर्देश दिए गए थे। मंगलवार को फरार छह आरोपियों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
दिनेश को ठिकाने लगा दो, मैं देख लूंगा..
25 जुलाई को पुलिस ने दावा किया था कि 18 जुलाई को मृतक दिनेश सिंह ने अपने मोबाइल फोन से एक पेपर कटिंग की फोटो व्हाट्सएप ग्रुप (प्रमाणित खबर अन्तू) में डाल दिया था। इसमें मुन्ना सिंह व तीन अन्य लोग पुलिस हिरासत में तमंचा लेकर बैठे थे, जो काफी पुरानी फोटो थी। इससे संजय सिंह उर्फ मुन्ना दिनेश सिंह से काफी नाराज हो गए थे। उन्होंने अपने लोगों को कहा था कि वह लखनऊ जा रहे हैं, दिनेश सिंह को ठिकाने लगा दो, जो होगा मैं देख लूंगा।
इसके बाद वह सात अन्य साथियों के साथ तीन बाइक से लाठी डंडा लेकर भिटहरी जंगल के पास पहुंच गए। तभी दिनेश सिंह बाइक से एक बुजुर्ग व्यक्ति को पीछे बैठाकर आ रहा था, घेर कर दिनेश सिंह को घसीट कर गढ्ढे में ले जाकर लाठी-डंडे व लात-घूसों से मारपीट कर भाग गए थे। बाद में उसकी मौत हो गई।
इनाम घोषित होते ही सरेंडर
हत्या के मामले में छह पर इनाम घोषित होते ही संजय सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, ऋषभ सिंह, विमल सिंह, अभय प्रताप सिंह उर्फ बादल सिंह, सुरेन्द्र यादव व राम करन वर्मा पर मंगलवार को 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस की टीम सक्रिय हो कर खोजबीन करने में लगी हुई थी, तभी पुलिस को चकमा देकर बुधवार को मुख्य आरोपी संजय सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने सुल्तानपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसपी डॉ. इलामारन जी ने बुधवार को संजय सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के कोर्ट में सरेंडर करने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में फरार चल रहे पांच अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने में टीम को सफलता मिलेगी।