संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
Updated Mon, 06 Nov 2023 12:50 AM IST
अमेठी। भेटुआ-भीमी-पीपरपुर मार्ग स्थित गुलाल ड्रेन (उज्जैनी नदी) पर क्षतिग्रस्त पुल का निर्माण नहीं होने को लेकर नाराज ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार की बात की। स्थानीय लोगों ने रविवार को 2024 लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करते हुए पुल नहीं तो वोट नहीं की नारेबाजी की। एक सप्ताह में निर्माण न शुरू होने पर कलेक्ट्रेट बेमियादी प्रदर्शन की चेतावनी दी है। ब्लॉक के भेटुआ-भीमी-पीपरपुर मार्ग स्थित गुलाल ड्रेन (उज्जैनी नदी) पर चर दशक पूर्व बना पुल करीब एक वर्ष से क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल क्षतिग्रस्त होने से आवागमन बंद है।
स्थानीय लोगों ने मामले की शिकायत पीडब्लूडी के साथ ही अन्य अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों से की। बावजूद इसके विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था देने के बजाय दोनों छोर पर गड्ढा खोदकर आवागमन पूर्ण रूप से बंद कर दिया। ग्रामीण सूर्य कांत तिवारी, नारायण यादव, बबलू मिश्र, प्रवीण मिश्र, विपिन यादव, कुलदीप तिवारी आदि ने रविवार को जर्जर पुल के पास प्रदर्शन कर आक्रोश जताया।
