संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
Updated Fri, 15 Dec 2023 12:09 AM IST
अमेठी सिटी। बरात से घर वापस आ रहे कार सवार युवकों की पिटाई कर बाइक सवार असलहाधारी बदमाशों ने कार को क्षतिग्रस्त कर 40 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने तहरीर दे दी है, लेकिन पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। अमेठी कोतवाली के भरेथा गांव निवासी दीपक तिवारी बुधवार को अपने साथियों के साथ बरात गए थे। देर रात कार से लौट रहे थे। रास्ते में गौरीगंज-अमेठी मार्ग पर ताला के पास पीछे से पहुंचे बाइक सवार युवकों ने कार रुकवाई। उसके बाद तमंचे से लैस युवकों ने दीपक व साथियों की पिटाई करते हुए कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। दीपक का आरोप है कि उसके पास से 40 हजार रुपये भी लूट लिए।
घटना के बाद बदमाश भाग निकले। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रही है। एसएचओ अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामूली विवाद में सिर्फ मारपीट हुई है। लूट व कार क्षतिग्रस्त करने का आरोप फर्जी है। प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
