संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
Updated Mon, 22 May 2023 12:08 AM IST
फोटो संख्या-13
संवाद न्यूज एजेंसी
अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के गांव कालू का पुरवा में शनिवार को दूल्हे पर किसी ने हमला कर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। रविवार देर शाम उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके बाद दूल्हा बरात लेकर निकला।
कालू का पुरवा मजरे सोमपुर मनकंठ निवासी रामप्रताप के पुत्र अंकित यादव की बरात रविवार शाम थाना क्षेत्र के गांव भिच्छू का पुरवा जानी थी। शनिवार को उनके घर पर जनेऊ संस्कार था। देर शाम संस्कार समाप्त होने के बाद सभी परिजन व रिश्तेदार सो गए। अंकित घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। रात करीब तीन बजे अंकित पर अज्ञात बदमाश ने मुंह पर हमला कर दिया। उसके दांत टूट गए और होंठ फट गया। अंकित के शोर मचाने पर परिजन जागे और उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय ले गए। इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। रविवार शाम वह बरात लेकर रवाना हुआ। अंकित के दादा हौसिला प्रसाद ने बताया कि उन लोगों का किसी के साथ विवाद नहीं है। थाने में किसी प्रकार की शिकायत नहीं की गई है।