अस्पतालों में रोज हो रही 1100 ओपीडी
जिला अस्पताल में बुखार के 350 मरीज मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
अमेठी सिटी। मौसम में पिछले कुछ दिनों से बदलाव हुआ है। रात व दिन के तापमान में दोगुने अंतर से लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है। जिला अस्पताल और सीएचसी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। प्रतिदिन लगभग 1100 ओपीडी हो रही है। अधिकतर मरीज बुखार, खांसी, जुकाम से पीड़ित है, जिनमें बुजुर्ग व बच्चे ज्यादा रहते हैं। सांस के रोगी भी काफी पहुंच रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल में भी बुखार के 350 से ज्यादा मरीज रहे। खांसी के साथ सांस फूलने व हड्डियों में दर्द के मरीजों की संख्या अधिक रहीं।
चिकित्सकों ने दी सर्दी में बचाव की सलाह
बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. लईक-उल-जमा का कहना है कि वायरल इंफेक्शन वाले बच्चे ज्यादा आ रहे हैं। 60 प्रतिशत बच्चे मौसमी बीमारी से पीड़ित हैं। मौसम में बदलाव के कारण बच्चों में बुखार, खांसी और जुकाम की शिकायत हैं। फिजिशियन डाॅ. शुभम का कहना है कि सर्दी में सांस के मरीजों की परेशानी बढ़ जाती है। ऐसे मरीजों को सर्दी से बचाव के साथ ठंडी चीजों का सेवन बंद कर देना चाहिए।
इस तरह करें बचाव
-छोटे बच्चों को घर में बिना मोजा-जूता व चप्पल के फर्श पर न छोड़ें
-रात व सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनाएं
-गुनगुना पानी पिलाएं
-चिकित्सक के परामर्श से ही दवा खिलाएं
-घर से निकलते समय पूरे कपड़े पहनें
अस्पताल में उपलब्ध हैं दवाएं
रात में ठंड और दिन में मौसम गर्म होने से परेशानी हो सकती है। ऐसे में लोगों को ठंड से बचना चाहिए। सर्दी के कारण मरीजों की संख्या बढ़ी है। बुजुर्गों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। जिला अस्पताल में बुखार समेत अन्य दवाएं व सीरप उपलब्ध हैं। – डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल, सीएमएस
