इन्हौना (अमेठी)। क्षेत्र के मियागंज मजरे अहमदाबाद पिपरी निवासी बुजुर्ग की मौत के मामले में रविवार को पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है।
थानाक्षेत्र के मियागंज मजरे अहमदाबाद पिपरी निवासी शिव प्रसाद यादव (65) का 21 अक्तूबर को गांव के ही एक युवक से मामूली विवाद हो गया था। विवाद के बाद पहुंचे लोगों ने शिव प्रसाद व उनके परिजनों लाठी डंडे से पिटाई की। बाद में कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इसमें शिव प्रसाद घायल हो गया। उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ भेजा गया था।
बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत के बाद पुलिस ने दर्ज केस में गैर इरादतन हत्या की धारा की बढ़ाते हुए नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
रविवार को लखनऊ वाराणसी राजमार्ग स्थित चिलौली गांव के निकट सातनपुरवा मोड़ के पास पुलिस ने बुजुर्ग के मौत के मामले में नामजद सतीश यादव, राकेश यादव तथा राधेश्याम को गिरफ्तार कर लिया। एसएचओ कंचन सिंह ने बताया कि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
