
अस्पताल में घायल का इलाज करते डॉक्टर
शाहगढ़ (अमेठी)। भाभी के साथ बृहस्पतिवार की देरशाम पनियार बाजार बाइक से सब्जी लेने जा रहे युवक को दो लोगों ने गोली मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने संजय गांधी अस्पताल मुंशीगंज पहुंचा, जहां हालत गंभीर देख उसे ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। इस मामले में दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मुंशीगंज थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी मान सिंह (35) खेती किसानी का काम करते हैं। बृहस्पतिवार की देर शाम करीब साढ़े आठ बजे वह अपनी भाभी मोनी सिंह को बाइक पर बिठाकर पनियार बाजार सब्जी लेने के लिए जा रहा था।
हरिहरपुर गांव के रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे दो युवकों ने उसे रोका। जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक बाइक चला रहे मान सिंह पर दोनों ने फायर कर दिया। गोली सीने में लगी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार घायल का लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। घायल के परिजन लखनऊ गए हुए हैं।
इनसेट
भतीजे ने दी तहरीर
– घायल मान सिंह के भतीजे अभिषेक सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें गांव के विजेंद्र सिंह उर्फ अंशू सिंह और अभिषेक सिंह पर तमंचे से गोली मारने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। एएसपी हरेंद्र कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इनसेट
गांव में पसरा सन्नाटा
-हरिहरपुर गांव में गोली मारने की घटना के बाद से सन्नाटा पसरा है। आरोपी फरार हैं। गांव के लोग इस मामले में कुछ भी साफ तौर पर बोलने से कतरा रहे हैं। इसे देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
क्यों मारी गोली, पता नहीं
– एसएचओ अखंड देव मिश्र कहते हैं कि हरिहरपुर निवासी मान सिंह को गोली क्यों मारी गई, इसका कारण अभी तक पता नहीं चल सका है। वजह, घायल व उसकी भाभी लखनऊ में है। तबीयत में सुधार होने पर जब उनसे बात की जाएगी, तभी वजह पता चलेगी। आरोपियों की तलाश के लिए थाना स्तर से दो टीमों का गठन किया गया है।