संवाद न्यूज एजेंसी
अमेठी। व्यापारी राष्ट्र की उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है। 2014 के पूर्व उद्योग, व्यापार के साथ ही आर्थिक क्षेत्र में तरक्की के लिए संघर्ष कर रहा देश आज आर्थिक रूप से न सिर्फ मजबूत हुआ है बल्कि विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। ये बातें सोमवार को राजेश मसाला फैक्ट्री में भाजपा की ओर से आयोजित व्यापारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद व झारखंड के प्रदेश महामंत्री आदित्य प्रसाद ने कहीं।
उन्होंने कहा कि उद्योगों के साथ ही व्यापार को गति मिलने के साथ ही व्यापारियों का उत्पीड़न बंद हुआ है। पहले व्यापारियों को 37 प्रकार के टैक्स देने पड़ते थे। मोदी सरकार ने उन सभी टैक्स से मुक्ति दिलाते हुए जीएसटी लागू की। देश में आज 40 करोड़ युवा व्यापार से जुड़े हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि योगी और मोदी सरकार में व्यापारियों का सम्मान बढ़ा है। कार्यक्रम को भाजपा जिला अध्यक्ष दुर्गेश तिवारी, जिला महामंत्री सुधांशु शुक्ला सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। इस मौके पर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री प्रवीण तिवारी, पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मटियारी, विजय किशोर तिवारी, अजय तिवारी, फूलचंद कसौधन व अन्य व्यापारी मौजूद रहे।