दहेज में दुकान या फिर दो लाख रुपये की मांग कर रहा था ससुराल पक्ष
वर्ष 2017 में हुई थी शादी, पति समेत चार आरोपियों पर एफआईआर दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
अमेठी। दहेज में दुकान या फिर दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने महिला की पिटाई करके उसे न सिर्फ घर से भगा दिया, बल्कि पति ने मोबाइल पर फोन करके तलाक दे दिया। पीड़िता की तहरीर पर जगदीशपुर थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों की सुरक्षा) अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच करके प्रकरण में कार्रवाई करने की बात कह रही है।
अमेठी जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर मजरे गड़रियाडीह गांव की रहने वाली अनवरी बानो पुत्री जमालुद्दीन का आरोप है कि 16 मई 2017 को उसकी शादी कमरौली थाना क्षेत्र के पठान का पुरवा मजरे कठौरा गांव निवासी मो. अशफाक उर्फ सरताज के साथ हुई थी। शादी बाद ससुराल पक्ष पिता से हसनपुर चौराहा स्थित एक दुकान या दो लाख रुपये लाने की बात कहने लगे। असमर्थता जताने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने मारापीटा और जिंदा जलाने की धमकी दी। ससुर मेरे छह माह के बेटे उवैद रजा को गांव के बाहर छोड़कर चले गए। 15 नवंबर 2023 को पति ने मोबाइल पर फोन करके तलाक देने की बात कही। थानेदार राकेश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति मो. अशफाक उर्फ सिरताज, ससुर दिलावर अली, सास अजमेरुलनिशा, ननद आयशा बानो के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करके पीड़िता को इंसाफ दिलाया जाएगा।
