अमेठी। मामूली विवाद में गौरीगंज थाने के उत्तर गांव मजरे बस्तीदेई गांव में रविवार की देरशाम गांव के ही दो युवकों ने एक युवती को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली युवती के हाथ में लगने से वह घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती के भाई ने गांव के ही दो युवकों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। हालांकि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पूरे मामले में पुलिस जांच व कार्रवाई में जुटी है।

गौरीगंज थाने के उत्तर गांव मजरे बस्तीदेई गांव निवासी जुम्मन की पुत्री आमिना रविवार की देर शाम भाई ताज मोहम्मद के साथ अपने खेत पर थी। तभी दो युवकों और उसके भाई के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। भाई से हो रहे विवाद में बीच-बचाव करने आमिना भी पहुंच गई।

इसी बीच एक युवक ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली आमिना के हाथ में लग गई। जिससे वह घायल हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर गांव के लोग जब तक मौके पर पहुंचते तब तक दोनों युवक मौके से भाग निकले। घायल आमिना को परिजन लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आमिना को भर्ती किया गया है।

अस्पताल से घायल युवती के भाई ताज मोहम्मद ने फोन पर मामले की सूचना पुलिस को दी। अस्पताल पहुंची पुलिस को ताज मोहम्मद ने गांव के दो युवकों पर बहन को गोली मारने का आरोप लगाया। हालांकि खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।

एसएचओ अमर सिंह ने बताया कि भाई की शिकायत पर दोनों की तलाश की जा रही है। युवती की हालात खतरे से बाहर है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा। अभी विवाद के सही कारणों को पता नहीं चला है। जांच के बाद पूरे मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एसपी डॉ. इलामारन जी ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर है। जानकारी की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें