
रोते बिलखते परिजन
जामो (अमेठी)। थानाक्षेत्र के चौधरी का पुरवा लोरिकपुर गांव में शुक्रवार की रात मुर्गी फार्म संचालक की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। भाई की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। चौधरी का पुरवा लोरिकपुर गांव निवासी ओम प्रकाश यादव (47) घर से थोड़ी दूर पर मुर्गी पालन का काम करते है। फार्म पर प्रतिदिन भोजन करने के बाद सोने के लिए वह फार्म पर जाते थे। शुक्रवार रात ओम प्रकाश यादव फार्म पर सो रहे थे। रात में अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। सिर पर चोट लगने की बात कही जा रही है। शनिवार सुबह जब ओम प्रकाश घर नहीं आए तो उनकी पत्नी सुशीला देवी फार्म पर पहुंची। चारपाई के पास खून व ओम प्रकाश को मृत देख वह रोने लगी।
पत्नी की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण भी एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। फार्म पर काम करने वाले प्रदीप सरोज से मामले की सूचना ओम प्रकाश के छोटे भाई जितेंद्र को फोन पर दी। सूचना के बाद जितेंद्र व प्रभारी निरीक्षक विवेक सिंह मौके पर पहुंचे। हत्या की पुष्टि के बाद एसएचओ ने मामले की सूचना सीओ मंयक द्विवेदी के साथ एसपी डॉ. इलामारन जी को दी। फॉरेसिंक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलित करने में जुट गई।
जितेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है। ओम प्रकाश की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। वह किसी भी प्रकार की रंजिश होने की बात से भी परिजन इंकार कर रहे है। पुलिस संदिग्ध कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।
इनसेट
चौकीदार को भी नहीं हुई घटना की जानकारी
ओम प्रकाश के साथ मुर्गी फार्म हाउस पर प्रदीप सरोज रात में रहता था। शुक्रवार को प्रदीप के करीब नौ बजे निमंत्रण से लौटने के बाद ओम प्रकाश भी निमंत्रण में शामिल होने की बात कह गए थे। रात में ओम प्रकाश कब लौटे और कब बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी इसकी जानकारी प्रदीप को नहीं हो पाई। प्रदीप को जानकारी नहीं हो पाई यह एक बड़ा सवाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
कही बाहर तो नहीं की गई हत्या
घटना स्थल का सीन कुछ और ही कहानी बयां कर रहा है। सिर पर चोट लगना और नीचे के भाग पर खून का नहीं बिखरना हत्या के स्थान पर सवाल उठा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों और मौजूद लोगों के बीच इस बात कही चर्चा होती रही कि हत्या बाहर से कर शव को मुर्गी फार्म पर चारपाई पर रख कर बदमाश फरार हो गए है। पुलिस की जांच में भी देर रात तक मृतक का इंटरनेट एक्टिव होने का भी मामला प्रकाश में आया है। जांच में तथ्य प्रकाश में आ रहा है कि जिस निमंत्रण में जाने की बात प्रदीप बता रहा है वहां न तो ओम प्रकाश का निमंत्रण था और न ही वह वहां गया था। रात करीब नौ बजे ओम प्रकाश कहा गया यह भी एक बड़ा सवाल हल करना पुलिस के लिए चुनौती साबित हो रहा है।
जल्द होगा घटना का अनावरण
मुर्गी फार्म संचालक ओम प्रकाश की हत्या के मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। परिजन किसी प्रकार के भूमि विवाद अन्य रजिंश नहीं किसी से नहीं होने की बात कह रहे है। पूरे प्रकरण की सभी बिन्दुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही साक्ष्य समेत घटना का अनावरण किया जाएगा।
डॉ. इलामारन जी-एसपी