
डांडिया करते बच्चे
अमेठी। रामनगर स्थित राजर्षि रणञ्जय सिंह ग्लोबल स्कूल परिसर में शनिवार को डांडिया उत्सव का आयोजन हुआ। इसमें शिक्षकों के साथ बच्चों ने विभिन्न परिधान धारण कर गीतों पर डांडिया नृत्य प्रस्तुत किए।
कक्षा-छह की छात्रा आशी, हिमांशी, दीपांशी, अक्षिता शुक्ला, प्रकृति, समृद्धि, कृतिका और आराध्या अग्रवाल ने मां दुर्गा के नौ रूपों में नाट्य प्रस्तुति दी। इस दौरान मां दुर्गा के सभी रूपों की महिमा प्रस्तुत की और देवी के ममतामयी रूप की झांकी दिखाई गई। कार्यवाहक प्रधानाचार्य सोमेश्वर प्रताप सिंह ने दुर्गा पूजा और विजयादशमी की शुभकामना देते हुए डांडिया उत्सव के आयोजन पर प्रकाश डाला।
गंगागंज स्थित गंगा इंटरनेशनल स्कूल परिसर में डांडिया और रामलीला का आयोजन हुआ। बच्चों ने डांडिया खेला एवं रामलीला मंचन किया। बच्चों का उत्साह और किरदार देख दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा। प्रधानाचार्य डॉ. शरदेन्दु राय, स्कूल चेयरमैन लीलावती राय ने बच्चों को बधाई दी।
