भादर (अमेठी)। 32वीं उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप प्रतियोगिता में अमेठी जिले से प्रतिनिधित्व करने वाले भादर के खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा। चार खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्थान हासिल करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपना स्थान कायम किया। क्षेत्र के चार खिलाड़ियों का राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में चयन होने की सूचना पर लोगों ने खुशी जताई।

कानपुर मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से 9 व 10 दिसंबर को कानपुर में आयोजित मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के 600 महिला/पुरुष खिलाड़ी प्रतिभाग किया था।

प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में भादर ब्लाॅक क्षेत्र के सोनारी गांव निवासी संजय तिवारी ने लंबी कूद में प्रथम स्थान हासिल किया। सोनारी के ही पूर्व राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता राम लखन यादव ने 15 सौ मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। अग्रेसर गांव निवासी हृदयराम ने 5 हजार व 10 हजार मीटर की दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र व जिले का नाम रोशन किया।

महिला वर्ग में अमेठी के एचएएल की हर्षलता शाही ने 1500 मी., 5000 मी. व 10000 मी. की दौड़ में पहला स्थान हासिल कर व्यक्तिगत चैंपियनशिप खिलाड़ी होने का जिले को तोहफा दिया। जिला मास्टर्स एसोसिएशन के सचिव संजय तिवारी ने बताया की इन सभी खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन से कमेटी ने 13 से 17 फरवरी को पुणे में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर- प्रदेश से प्रतिभाग किए जाने के लिए चयनित किया है। क्षेत्र के चार खिलाड़ियों का नाम राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप प्रतियोगिता में होने से लोगों ने खुशी जाहिर की है। शरद प्रकाश सिंह, श्रीकांत मिश्रा, रवींद्र सिंह आदि लोगों ने बधाई देते हुए खिलाड़ियों के राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड हासिल करने की उम्मीद जताई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *