संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी

Updated Sat, 09 Dec 2023 12:27 AM IST

अमेठी। बरात दिखाने के बहाने शुक्रवार की देर शाम नौ साल की बालिका से उसके ही रिश्तेदार ने दुष्कर्म किया। हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे घर के बाहर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पीड़िता का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

संग्रामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नौ साल की बालिका को देर शाम उसका रिश्तेदार बरात दिखाने के बहाने बुला ले गया। रास्ते में सूनसान स्थान पर उसने बालिका के साथ दुष्कर्म किया। जब बालिका की हालत बिगड़ी तो आरोपी उसे घर के बाहर छोड़ भागा।

परिजनों ने बालिका को इस हाल में देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में बालिका को सीएचसी ले गए। डाॅक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक डॉ. पीतांबर ने बताया कि बालिका का इलाज किया जा रहा है। सीएमएस डॉ. बीपी अग्रवाल ने बताया कि चिकित्सकों की टीम को इलाज के लिए लगाया गया है।

एसपी डॉ. इलामारन जी ने बताया कि बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला आया है। अभी परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अस्पताल में पुलिस बल तैनात किया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *