
जरूरतमंद को कंबल देते उपमुख्यमंत्री
अमेठी। शहर के रामलीला मैदान में शुक्रवार को कंबल वितरण कार्यक्रम में पहुंचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पहले अमेठी को कोई पूछने वाला नहीं था, गरीबों को सिर्फ धक्का ही मिलता था। अब सब कुछ बदल गया है। प्रधानमंत्री, सीएम और सांसद के नेतृत्व में अमेठी में वर्ल्ड क्लास मेडिकल कॉलेज बनेगा और यह संसदीय क्षेत्र मॉडल लोकसभा के रूप में विकसित होगा। इससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा मिलेगी। रामलीला मैदान में राघव राम सेवा संस्थान एवं जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि के संयोजन में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर अपरोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि अमेठी से उनका पुराना रिश्ता है, हजारों मित्र हैं। पहले और आज की अमेठी में अंतर देख सकते हैं। पहले अमेठी में ग्राम प्रधानों का बस्ता सचिव या उनके झोले में रहता था लेकिन, आज भाजपा सरकार में हर ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान के कार्यालय डीएम कार्यालय से बेहतर है। सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों एवं पात्र व्यक्तियों को गांव स्तर पर मिल रहा है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सांसद स्मृति ईरानी के नेतृत्व में अमेठी लोकसभा क्षेत्र में चौमुखी विकास हो रहा है। हर हाथ को रोजगार मुहैया कराया जा रहा है। कहा कि पहले परिषदीय विद्यालयों के बच्चे संसाधनों एवं सुविधाओं एवं गुणवत्ता पर शिक्षा न होने से परिषदीय विद्यालय छोड़कर भाग रहे थे। आज भाजपा सरकार में परिषदीय विद्यालयों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कॉन्वेंट से बेहतर है। कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को मुख्य धारा में लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई हैं, जिला अस्पतालों में डायलिसिस की व्यवस्था हुई है। मरीजों को बाहर नहीं जाना पड़ता है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में जीत का दावा
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ के चुनाव में जीत का दावा किया। जनता से अपील किया कि वर्ष 2024 में विपक्षी की जमानत जब्त कराएं। डिप्टी सीएम ने कहा कि सांसद के नेतृत्व में अमेठी का विकास हो रहा है। अमेठी के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी, अमेठी को मॉडल लोकसभा क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
