अमेठी सिटी। खराब सर्वर के कारण विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति का आवेदन करना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। आवेदन करने के लिए छात्र-छात्राएं जनसेवा केंद्र का चक्कर लगाने को विवश हैं। दिनभर में सिर्फ एक या दो फार्म ही भरे जाने से अब जनसेवा केंद्र संचालकों ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। काफी प्रयास के बावजूद खराब सर्वर के कारण छात्र छात्राएं आवेदन नहीं कर सके हैं। पूर्व दशम व दशमोत्तर योजना में सामान्य व अनुसूचित जाति के 6329 बच्चे अब तक आवेदन कर सके हैं।
योजना के तहत छात्र छात्राओं से आवेदन कराने के लिए विभाग ने सारिणी जारी की है। विद्यार्थी छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए पंजीकरण कराने के बाद आवेदन पूर्ण करने से लेकर आय, जाति प्रमाणपत्र के मिलान तक खराब सर्वर दिक्कतें पैदा कर रहा है। जिससे फार्म अपलोड नहीं हो रहा है। प्रमाणपत्र व आवेदन क्रमांक सही होने के बावजूद पोर्टल क्रमांक को गलत बता रहा है।
यदि सही बता दे तो आगे जाकर आधार के डेमोग्राफिक का मिलान व ओटीपी का सत्यापन नहीं हो पा रहा है। दिनभर में एक-दो फार्म अपलोड होने से जनसेवा संचालक भी छात्रवृत्ति आवेदन करने से हाथ खड़े कर दे रहे हैं।
आवेदनों की संख्या कम
समाज कल्याण विभाग के पास मौजूद आंकड़ों के अनुसार, अब तक सामान्य वर्ग में पूर्व दशम कक्षा नौ व दस में 2798 बच्चों ने पंजीकरण कराया है। इसमें से 2411 ही फार्म भर सके हैं। 1887 का ही फार्म पूर्ण हुआ है। इनमें से 703 फार्म कॉलेज की ओर सत्यापित कर अग्रसारित किए गए हैं।
अनुसूचित जाति के 4923 बच्चों ने आवेदन किया है। 2907 का फार्म ही अब तक पूर्ण हो कर अपलोड हो सका है। कक्षा 11 व 12 में सामान्य वर्ग में 1014 बच्चों का ही फार्म पूर्ण हुआ है। अनुसूचित जाति के 1128 बच्चे ही फार्म भर सके हैं। डिग्री कॉलेज व उच्च शिक्षण संस्थान में पंजीकृत सामान्य वर्ग के सिर्फ 725 व अनुसूचित वर्ग के 407 बच्चों का ही फार्म छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपलोड हो सका है।
इनसेट
पूरा नहीं हो पा रहा आवेदन
फोटो संख्या-08,09,10,11
शैलेंद्र ने बताया कि उन्हें छात्रवृत्ति फार्म भराने में काफी दिक्कत आ रही है। सर्वर खराब होने के कारण पिछले समयावधि में आवेदन नहीं हो पाया।
संजय ने बताया कि लगातार कोशिश के बावजूद आवेदन अपलोड नहीं हो पा रहा है। फार्म कैसे पूरा होगा समझ नहीं आ रहा है।
साहिल ने बताया कि अब तक छात्रवृत्ति का आवेदन करने के लिए कोई जनसेवा संचालक तैयार नहीं हो रहा है। स्वयं भी कोशिश की लेकिन, पंजीकरण के बाद फार्म अपलोड नहीं हो पा रहा है।
सना परवीन ने बताया कि छात्रवृत्ति आवेदन तिथि बढ़ जाने के बाद भी आय, जाति व आधार के प्रमाणपत्र का मिलान न हो पाने के कारण आवेदन पूर्ण नहीं हो पा रहा है।
वर्जन
सर्वर की समस्या रहती है
जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि सर्वर की समस्या रहती है। लगातार प्रयास में आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण हो जाएगी। इसलिए छात्र-छात्राएं लगातार प्रयास करें, जिससे समय रहते उनके आवेदन पूर्ण हो सके। सर्वर सही कराने के लिए पत्राचार किया जा रहा है।
