
समस्याएं सुनते डीएम
अमेठी। जिले की चारों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 152 शिकायतें आईं, जिसमें से 21 का मौके पर निस्तारण किया गया। एक मामले में बीडीओ को तलब कर कार्रवाई करने को कहा।
गौरीगंज तहसील में शनिवार की सुबह करीब 11 बजे, डीएम राकेश कुमार मिश्र और एसपी डॉ. इलामारन जी. शिकायतों की सुनवाई कर रहे थे। इसी बीच शाहगढ़ ब्लॉक के धरवतिया राजापुर कौहार निवासी बुजुर्ग राजदेई आईं। बुजुर्ग को देखते डीएम ने कुर्सी पर बैठाते हुए कहा अम्मा बैठो। पहले पानी, फिर चाय, बिस्कुट बुजुर्ग व नमकीन खिलाई।
डीएम ने बाद में पूछा, अम्मा अब बताओ, क्या हुआ। राजदेई ने कहा कि साहब जीयत अहीं, त्हौरे सामने अही, तबौ पेंशन बंद होय गवा। हमका मरा देखाए कै बंद कै दिहिन। यह सुनते ही डीएम ने बीडीओ शाहगढ़ को तलब किया। बीडीओ को पांच दिन में जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट देने को कहा।
कटरालालगंज के रहने वाले मुन्ना पेश हुए कहा कि साहब, जून में पूरा बिजली का बिल जमा किया था। सितंबर में 63305 रुपये का बिल आ गया। तीन माह में इतना बिल देख लगातार बिजली दफ्तर का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हो रही है। डीएम ने एक्सईन को प्रकरण की जांच करने को कहा।
उमराडीह निवासी विश्राम भूमि कब्जा दूर कराने की गुहार लगाई। गौरीगंज के एक वार्ड निवासी युवती ने पड़ोसी पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज नहीं होने की बात कही। एसपी ने एसएचओ को प्रकरण की जांच कर कार्रवाई करने कहा। गुडुर निवासी रविकुमार ने मार-पीट का केस दर्ज कराने व जामो के रामजस ने तालाब की भूमि से अतिक्रमण हटवाने की मांग की।
मेड़ से आवागमन को मजबूर परिवार, लगाई न्याय की गुहार
तिलोई(अमेठी)। फूला की सुमित्रा ने शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में एसडीएम दिग्विजय कुमार सिंह को शिकायत पत्र दिया। कहा कि पांच परिवारों में लगभग 30 से 32 लोग घर बनाकर निवास कर रहे हैं। जिन्हें दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने के लिए मार्ग न होने से परेशानी हो रही है। करनगांव निवासी सत्यनारायण ने जमीन संबंधी विवाद का मामला उठाया।
जांच को पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीमें भेजीं
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान गौरीगंज में 43 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें 06 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। इसी तरह तिलोई में 38 शिकायतें में छह तो अमेठी में 43 शिकायतें में सात का निस्तारण हुआ। मुसाफिरखाना में 28 शिकायतें प्राप्त हुई जिसमें से 03 शिकायतों का निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीमें मौके पर भेजी गई।
