संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
Updated Sun, 15 Oct 2023 12:24 AM IST
अमेठी। भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण करने के लिए शनिवार को सभी थानाें में समाधान दिवस आयोजित हुआ। मुंशीगंज में एएसपी हरेंद्र कुमार ने तो अन्य थानों में सीओ व थाना प्रभारी के साथ तहसीलदार, नायब तहसीलदार व अन्य अफसर मौजूद रहे। दिवस में अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, अवैध कब्जे, केस दर्ज नहीं होने से जुड़ी रहीं। सुनवाई के बाद भूमि विवाद व अवैध अतिक्रमण की शिकायत निरस्तारित करने के लिए संयुक्त टीमें मौके पर रवाना की गई।शनिवार की सुबह 11:03 बजे गौरीगंज थाने में तहसीलदार आशीष सिंह सुनवाई कर रहे थे। तभी पूरे विन्धा मजरे फाजिल गांव निवासी शिवशंकर तिवारी रोते हुए पेश हुए। कहा कि साहब, आबादी में उसका पुश्तैनी कच्चा मकान है। बारिश में कच्चे मकान की दीवार गिर गई है। जब वह पक्की दीवार बनवा रहा है तो गांव के कुछ लोग बनाने नहीं दे रहे हैं। मारपीट करना चाह रहा है। सुनवाई के बाद तहसीलदार ने संयुक्त टीम गठित कर पूरे प्रकरण को निस्तारित करने के साथ रिपोर्ट देने को कहा।
पूरे राजा मजरे हरदो गांव निवासी सुख्खू भी पुश्तैनी भूमि पर कब्जे से परेशान थे। कहा कि साहब पेड़ काट ले गए सिपाही ने मना किया तो भी कब्जा नहीं छोड़त आहै। मिश्रोली वार्ड की कुसुमा ने कहा कि साहब बेटे ने उसके नाम बिजली कनेक्शन ले लिया। दो लाख बिल हो गया। अब न तो कोई बिल जमा करना चाह रहा है और उसे ही घर से भागने की कोशिश कर रहे हैं। साहब केस दर्ज करवा दीजिए। ऐसे में ही अन्य फरियादी अपनी पीड़ा सुनाते रहे अफसर निस्तारण का भरोसा देते उन्हें वापस करते रहे। मुंशीगंज में थाना समाधान दिवस में एएसपी हरेन्द्र कुमार के सामने तीन फरियादी ने अपनी शिकायत सौंपी।
