
उद्यमियों को बांटा गया प्रमाण पत्र
गौरीगंज(अमेठी)। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम राकेश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 33 लाभार्थियों को 5.62 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। इधर, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। मंगलवार दोपहर आयोजित कार्यक्रम में डीएम की उपस्थित में विभिन्न एमएसएमई के उद्यमी एवं उद्यमी एसोसिएशन के साथ विचार गोष्ठी भी आयोजित की गई। उद्यमियों को लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित भी किया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, एक जनपद एक उत्पाद, मुद्रा योजना एवं स्वनिधि योजना के 33 लाभार्थियों को 5.62 करोड़ रुपये धनराशि के चेक का वितरण डीएम द्वारा किया गया। उपायुक्त उद्योग राजीव कुमार पाठक, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी महेंद्र कुमार, उप श्रम अधिकारी गोविंद यादव, एआरओ विजय कुमार आदि मौजूद रहे।
कारखाना लगाने में मिलेगी मदद
शाहगढ़ निवासी यादवेंद्र प्रताप सिंह ने नमकीन का कारखाना लगाने के लिए ऋण का आवेदन किया था। बताया कि बिना किसी भागदौड़ के दस लाख रुपए का ऋण प्राप्त हुआ है। मिले धन से कारखाने को आगे ले जाने में मदद मिलेगी।
व्यवसाय की दूर होगी बाधा
गौरीगंज शहर निवासी रमेश कुमार ने बताया कि वह चाय पान की दुकान चलाते हैं। उन्हें पैसे की सख्त जरूरत थी। आवेदन करने पर उन्हें दस हजार रुपए का ऋण प्राप्त हुआ है। व्यवसाय में आ रही बाधा दूर होगी। साथ ही व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
अब नहीं होगी दिक्कत
फोटो- 28
गौरीगंज शहर में केक का कारखाना लगाने के लिए कृष्णानंद मिश्र ने 13 लाख रुपये के लिए आवेदन किया था। उन्होंने बताया कि योजना के तहत आसानी से ऋण उन्हें प्राप्त हो गया। इस धन से हमारा कारखाना लगाने का सपना पूरा होगा। पैसे की वजह से दिक्कत हो रही थी।
अन्य को भी मिलेगा रोजगार
फोटो- 29
शाहगढ़ निवासी सूर्य प्रताप सिंह ने केक, चाउमीन व ग्लास बनाने का कारखाना लगाने के लिए आवेदन किया था। उन्होंने बताया कि सरकार युवाओं को रोजगार दिलाने में फिक्रमंद है। थोड़े से प्रयास से ऋण प्राप्त हो गया। व्यवसाय को जहां बढ़ावा मिलेगा वहीं कारखाने के जरिए कई लोगों को रोजगार भी मिल सकेगा।
